Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में आज कई अहम कार्यक्रम और घटनाएं होने वाली हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विधानसभा सत्र में शामिल होंगे, वहीं बजट सत्र का आठवां दिन भी काफी अहम माना जा रहा है। इसके अलावा इंडियन ऑयल परिसर में सीबीआरएन मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। वहीं मदरसा बोर्ड की परीक्षाओं का टाइम टेबल भी जारी कर दिया गया है।
विधानसभा सत्र में शामिल होंगे मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विधानसभा सत्र में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास से रवाना होकर विधानसभा के लिए निकलेंगे। वे सुबह 11:30 बजे से दोपहर 3:20 बजे तक विधानसभा सत्र में शामिल रहेंगे। सत्र समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 3:30 बजे नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास वापस लौटेंगे।
बजट सत्र का आठवां दिन आज
छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज आठवां दिन है। सदन में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। प्रश्नकाल के दौरान डिप्टी सीएम अरुण साव, मंत्री गजेंद्र यादव और लखनलाल देवांगन विधायकों के सवालों के जवाब देंगे।
साथ ही मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, लखनलाल देवांगन और लक्ष्मी राजवाड़े विभिन्न पत्रों को सदन के पटल पर रखेंगे। आयुष्मान कार्ड से जुड़े मामलों को लेकर विधायक कविता प्राण लहरे स्वास्थ्य मंत्री का ध्यानाकर्षण करेंगी। वहीं विधायक अनुज शर्मा उद्योगों से निकलने वाले रासायनिक अपशिष्ट के कारण पानी प्रदूषण का मुद्दा उठाते हुए पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी का ध्यान आकर्षित करेंगे।
इसके अलावा विधायक लखेश्वर बघेल, राघवेंद्र सिंह और हर्षिता बघेल याचिकाएं प्रस्तुत करेंगे। सदन में मंत्री ओपी चौधरी, रामविचार नेताम और लक्ष्मी राजवाड़े के विभागों की अनुदान मांगों पर भी चर्चा होगी।
इंडियन ऑयल परिसर में आज सीबीआरएन मॉक ड्रिल
रायपुर स्थित इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र पाइपलाइन परिसर में 11 मार्च को जिला स्तरीय सीबीआरएन (केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर) मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।
इससे पहले आरंग एसडीएम अभिलाषा पैकरा की अध्यक्षता में प्रशासनिक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में आपदा प्रबंधन की तैयारियों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर चर्चा की गई। स्टेशन इंचार्ज जयंत कुमार पैकरा ने सुरक्षा प्रोटोकॉल की जानकारी दी। बैठक में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
मदरसा बोर्ड की परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी
छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड रायपुर ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी पत्राचार पाठ्यक्रम की परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। परीक्षाएं 20 अप्रैल से 4 मई तक आयोजित की जाएंगी और सभी परीक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होंगी।
हाईस्कूल पाठ्यक्रम में सामान्य हिंदी, अंग्रेजी, गणित, उर्दू, सामाजिक विज्ञान और विज्ञान जैसे विषयों की परीक्षाएं निर्धारित की गई हैं। वहीं हायर सेकेंडरी पाठ्यक्रम में उर्दू, गणित, जीव विज्ञान, भूगोल, अर्थशास्त्र, भौतिकी, रसायन, इतिहास और समाजशास्त्र जैसे विषयों की परीक्षाएं होंगी।
अफीम की खेती को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
प्रदेश में अवैध अफीम की खेती के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस ने 12 मार्च को प्रदेशभर में बीजेपी कार्यालयों का घेराव करने का ऐलान किया है।
इस दौरान सभी जिला मुख्यालयों में स्थित बीजेपी कार्यालयों के सामने प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस ने सरकार पर युवाओं को नशे की ओर धकेलने और मामले में शामिल लोगों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है।
प्रयोगशाला सहायक भर्ती परीक्षा 22 मार्च को
छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल में प्रयोगशाला सहायक/सेम्पलर ग्रेड-2 पदों के लिए भर्ती परीक्षा 22 मार्च को आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक होगी।
अभ्यर्थी 16 मार्च से व्यापमं की आधिकारिक वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर कम से कम दो घंटे पहले पहुंचना होगा और मूल फोटो आईडी लाना अनिवार्य होगा।
13 मार्च को पीएम किसान उत्सव दिवस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 मार्च को असम के गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे। इसके तहत देशभर के करीब 9.32 करोड़ किसानों के खातों में 18,650 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे।
छत्तीसगढ़ के करीब 24 लाख 71 हजार किसानों को इस योजना का लाभ मिलेगा और उनके खातों में लगभग 498.83 करोड़ रुपये की राशि भेजी जाएगी। प्रदेश में इस दिन को पीएम किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
13 मार्च से होगा ‘आदि परब’ का आयोजन
नवा रायपुर स्थित आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में 13 और 14 मार्च को ‘आदि परब – परम्परा से पहचान तक’ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में जनजातीय कला, संस्कृति और परम्पराओं को मंच प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में जनजातीय चित्रकला प्रदर्शनी, पारंपरिक वेशभूषा प्रदर्शन, सेमिनार और हस्तशिल्प प्रदर्शनी जैसे कई आयोजन किए जाएंगे। साथ ही जनजातीय संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
