CG LPG Cylinder Complaint Number: छत्तीसगढ़ सरकार ने घरेलू एलपीजी गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में खाद्य विभाग की सचिव Reena Baba Saheb Kangale ने ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ राज्य में गैस, डीजल और पेट्रोल की उपलब्धता की स्थिति पर चर्चा की।
पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है गैस
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि राज्य में मौजूद सभी एलपीजी बॉटलिंग प्लांट में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति भी सामान्य रूप से जारी है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की कमी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
जरूरी संस्थानों को मिल रही प्राथमिकता
अधिकारियों ने यह भी बताया कि फिलहाल कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर मुख्य रूप से अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सचिव कंगाले ने निर्देश दिया कि परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए स्कूलों, कॉलेजों और छात्रावासों में गैस की आपूर्ति प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
होटलों के लिए भी सप्लाई पर विचार
बैठक के दौरान यह भी चर्चा हुई कि सीमित स्तर पर कमर्शियल गैस की आपूर्ति होटलों और अन्य जरूरी संस्थानों को भी दी जा सकती है। इसके लिए लगभग 15 प्रतिशत गैस सप्लाई उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है।
कालाबाजारी रोकने के निर्देश
सचिव ने जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि गैस की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर सख्त नजर रखी जाए। इसके लिए आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर
राज्य के उपभोक्ताओं को आश्वस्त करते हुए सचिव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में एलपीजी गैस, डीजल और पेट्रोल की उपलब्धता पर्याप्त है। यदि किसी को गैस आपूर्ति से जुड़ी शिकायत या जानकारी देनी हो तो वह टोल फ्री नंबर 1800-233-3663 पर संपर्क कर सकता है।