BALCO Worker Protest Update: छत्तीसगढ़ के Korba स्थित Bharat Aluminium Company में चल रहे विवाद के बीच आज जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष Amit Jogi और कंपनी प्रबंधन के बीच अहम बातचीत हुई।
अमित जोगी ने इस मुलाकात को छत्तीसगढ़ के मजदूरों के अधिकारों से जुड़ी लड़ाई में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि मजदूरों को सभा में आने से रोकने और डराने की कोशिशों के बावजूद कर्मचारियों की एकजुटता के कारण प्रबंधन को बातचीत के लिए आगे आना पड़ा।
मजदूरों की वर्दी पहनकर पहुंचे अमित जोगी
अमित जोगी ने कहा कि वे BALCO मजदूर की वर्दी पहनकर प्रबंधन से मिलने गए थे। उनके मुताबिक यह संघर्ष किसी एक व्यक्ति या राजनीतिक दल का नहीं बल्कि मेहनतकश मजदूरों के अधिकार, सम्मान और भविष्य से जुड़ा हुआ है।
बातचीत में इन मुद्दों पर बनी सहमति
अमित जोगी के मुताबिक बातचीत के पहले दौर में कई अहम बिंदुओं पर सहमति बनी है। BALCO प्रबंधन आज ही कर्मचारियों की डोमिसाइल सहित पूरी सूची उपलब्ध कराएगा, जिससे यह पता चल सकेगा कि कितने कर्मचारियों को अन्य राज्यों से आउटसोर्स किया गया है।
इसके अलावा जिन कर्मचारियों को ESIC स्वास्थ्य बीमा का लाभ नहीं मिल रहा है, उनके इलाज की व्यवस्था BALCO अस्पताल में निशुल्क करने पर भी सहमति बनी है।
वेतन वृद्धि और नाम परिवर्तन पर भी चर्चा
बातचीत के दौरान LTS कर्मचारियों की वार्षिक वेतन वृद्धि को 8 प्रतिशत से बढ़ाकर 12 प्रतिशत करने का प्रस्ताव Vedanta Limited के कॉर्पोरेट मुख्यालय को भेजने पर सहमति बनी है। इस पर एक सप्ताह के भीतर निर्णय लिए जाने की बात कही गई है।
इसके साथ ही “अंबेडकर भवन” का नाम, जिसे बदलकर “वेदांता स्किल हाउस” कर दिया गया था, उसे दोबारा बहाल करने का फैसला भी लिया गया।
आईटीआई अप्रेंटिस को रोजगार लाभ देने की बात
अमित जोगी ने बताया कि वर्ष 2004 में उनके पिता और छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री Ajit Jogi के नेतृत्व में हुए समझौते के तहत आईटीआई प्रशिक्षित अप्रेंटिस को पूर्ण रोजगार लाभ देने का निर्णय भी दोहराया गया है।
आंदोलन से जुड़ी कार्रवाई वापस लेने पर सहमति
अमित जोगी के अनुसार आज के आंदोलन में शामिल होने के कारण मजदूरों और कर्मचारियों पर की गई अनुशासनात्मक कार्रवाइयों को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की सहमति भी बनी है।
साथ ही 13 जनवरी 2026 को मजदूरों द्वारा उठाई गई मांगों की प्रगति की रियल-टाइम मॉनिटरिंग स्थानीय प्रशासन द्वारा किए जाने की बात भी सामने आई है।
मजदूरों का जताया आभार
अमित जोगी ने मजदूरों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके साहस और समर्थन के कारण ही यह बातचीत संभव हो पाई। उन्होंने कहा कि मजदूरों के अधिकार और सम्मान की लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है और उनकी पार्टी इस मुद्दे को आगे भी उठाती रहेगी।