Raipur Chakubaji News: राजधानी रायपुर में अपराध की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के बाद भी शहर में आपराधिक गतिविधियां थमती नजर नहीं आ रही हैं। देर रात रायपुर में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प और चाकूबाजी की घटना सामने आई है।
जानकारी के अनुसार यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। यहां दो गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में गैंगवार में बदल गया। बताया जा रहा है कि अभिषेक सोनी और विक्रम के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी।
कहासुनी बढ़ने के बाद विक्रम ने अपने साथियों को बुला लिया और सभी ने मिलकर अभिषेक को दौड़ाकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में अभिषेक घायल हो गया।
सूत्रों के मुताबिक इस पूरे विवाद के पीछे गांजा बेचने को लेकर चल रही पुरानी दुश्मनी वजह हो सकती है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों का संबंध गांजा तस्कर रवि साहू और गैंगस्टर मुकेश बनिया से जुड़े लोगों से है।
हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग काफी भयभीत नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि रवि साहू इस समय गांजा तस्करी के मामले में 10 साल की सजा काट रहा है, जबकि मुकेश बनिया भी इसी मामले में रायपुर जेल में बंद है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।