Gariaband Police Attack: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने गई पुलिस टीम पर बदमाशों ने हमला कर दिया। इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे रायपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना मैनपुर थाना क्षेत्र के कोसमी गांव की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में लंबे समय से अवैध शराब बनाने और बेचने का कारोबार चल रहा है।
सूचना के आधार पर मैनपुर थाने से पुलिसकर्मियों की एक टीम मौके पर पहुंची। जैसे ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की, वहां मौजूद शराब बनाने वाले लोगों ने एकजुट होकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले में तीनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक जवान की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया।
घटना के बाद पूरे पुलिस विभाग में हलचल मच गई है। मैनपुर थाना पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की है और उनकी तलाश जारी है।
राजधानी रायपुर में भी हुआ था पुलिस पर हमला
इससे पहले राजधानी रायपुर में भी पुलिस पर हमला करने की घटना सामने आई थी। पुलिस चेकिंग के दौरान बदमाशों ने टीआई और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया था।
हालांकि उस मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।