Raigarh Dam Gate Broken: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के बाद बिलासपुर जलाशय का पुराना और जर्जर गेट अचानक टूट गया। इस घटना के कारण जलाशय का पानी अनियंत्रित रूप से बहने लगा, जिससे रायगढ़-खरसिया राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-49) पर घुटनों तक पानी भर गया और सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
तेज बहाव के कारण आसपास के खेतों में पानी फैल गया है, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान होने की संभावना है। मौके पर भूपदेवपुर पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम तुरंत पहुंच गई और जलाशय से पानी के रिसाव को नियंत्रित करने के लिए काम कर रही है।
बिलासपुर जलाशय कृषि और पेयजल आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण है। विशेषज्ञों का कहना है कि पुराने जलाशयों की समय-समय पर निगरानी और मरम्मत न होने के कारण ऐसे हादसे होते हैं। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और पानी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में न जाने की चेतावनी दी है।