Raipur Traffic System Change: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में अब तक का सबसे बड़ा बदलाव करते हुए पुलिस ने 19 प्रमुख एंट्री पॉइंट्स पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी है।
पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह प्रतिबंध 15 अप्रैल से 30 अप्रैल तक लागू रहेगा। इस दौरान रोजाना सुबह 5 बजे से रात 12 बजे तक शहर की सीमा में किसी भी भारी या मालवाहक वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय खासतौर पर शहर के व्यस्त और रिहायशी इलाकों में ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से लिया गया है। नए नियम के तहत रिंग रोड-01 और रिंग रोड-02 से होकर अब भारी वाहन शहर के अंदर नहीं आ सकेंगे।
इस बदलाव के लिए 19 प्रमुख एंट्री पॉइंट्स चिन्हित किए गए हैं, जिनमें तेलीबांधा, टाटीबंध, भाठागांव और पचपेड़ी नाका जैसे व्यस्त इलाके शामिल हैं।
पुलिस कमिश्नर का कहना है कि इस फैसले से शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और आम नागरिकों को जाम से राहत मिलेगी। साथ ही सड़क हादसों में भी कमी आने की उम्मीद है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले नए ट्रैफिक नियमों की जानकारी जरूर लें, ताकि किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।