यूपी के मेरठ से सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने प्रेमिका के छह माह के बेटे को नाले में फेंककर मार डाला। सहारनपुर के गंगोह की महिला बच्चे को मेरठ लेकर आई थी। मेरठ में 13 जुलाई को नाले में मासूम का शव मिला था।
मेरठ के नौचंदी थाना इलाके की पंचशील कॉलोनी के खुले नाले में 13 जुलाई को मिले छह माह के बच्चे के शव के मामले में शुक्रवार को चौंकाने वाला खुलासा हुआ। बच्चे के शव की पहचान सहारनपुर के दौलतपुर छन्नों गांव की शबाना के पुत्र समीर के रूप में हुई।

पुलिस की जांच में पता चला कि इंस्टाग्राम पर दोस्ती और प्यार के बाद हापुड़ निवासी प्रेमी विशाल ने समीर को नाले में फेंककर मार डाला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई है। मेरठ पुलिस ने आरोपी विशाल को देर रात हापुड़ से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी को मेरठ लाकर पूछताछ करेगी।
गंगोह थाने में इमरान की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक 12 जुलाई को उसकी पत्नी शबाना बेटे समीर को लेकर गंगोह दवाई लेने गई थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। वह पत्नी और बेटे की तलाश करता रहा।
पुलिस ने इस पर गुमशुदगी दर्ज की थी।
26 जुलाई को उसकी पत्नी हापुड़ जिले के मुदाफरा गांव में विशाल के घर मिली, लेकिन बेटे समीर का कहीं पता नहीं चला। वह पत्नी को घर लेकर आ गया और उससे बच्चे के बारे में पूछने लगा। शबाना ने बताया कि कुछ माह पहले इंस्टाग्राम पर उसकी बातचीत विशाल से हुई थी। तभी दोनों में प्रेम हो गया।
घटना के दिन प्रेमी ने ही उसे मेरठ के सोहराब गेट बस स्टैंड पर मिलने के लिए बुलाया था। रात करीब 11:30 बजे प्रेमी विशाल उसे वहां पर मिला। महिला ने बताया कि उसके प्रेमी ने कहा कि वह बच्चे को अपने घर नहीं ले जा सकता। इसे स्टैंड के पास में ही अपने एक दोस्त को दे आएगा। शबाना उससे सहमत हो गई। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के मुताबिक नाले में मिले बच्चे के शव की पहचान होने के बाद तहरीर नहीं मिली है।
पांच मिनट बाद आया प्रेमी, बोला दोस्त को देकर आ गया बच्चा
शबाना ने अपने पति इमरान को बताया कि प्रेमी उससे बच्चा लेकर चला गया था। करीब पांच मिनट बाद वह वापस लौटा और बताया कि उसने बच्चा अपने एक दोस्त को दे दिया है। इसके बाद वह शबाना को अपने घर हापुड़ ले गया।
हत्या और शव ठिकाने लगाने का जरिया बने खुले नाले
मेरठ शहर के खुले नाले हादसे ही नहीं, हत्या और शव ठिकाने लगाने का भी माध्यम बन गए हैं। सहारनपुर के दौलतपुर छन्नों गांव निवासी बच्चे समीर की भी उसकी मां के कथित प्रेमी विशाल ने खुले नाले में फेंककर हत्या कर दी। साढ़े तीन माह में तीसरी बार खुले नाले में शव फेंककर हत्या या शव छिपाने का मामला उजागर हुआ है।
आए दिन नालों में शव मिलने और हादसे व हत्या के मामले सामने आने के बावजूद नगर निगम ने इन्हें ढंकने का ठोस प्रबंध नहीं किया गया है। साढ़े तीन माह में तीन बार खुले नाले में शव मिलने के बाद हत्या का खुलासा हुआ है।
सोशल मीडिया पर मां के प्रेम संबंधों की भेंट चढ़ा मासूम
सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती आखिरकार एक मासूम की मौत की वजह बन गई। आरोपी विशाल और महिला के बीच करीब 10 माह पहले इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्रेम संबंधों तक पहुंच गई। पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई को आरोपी विशाल ने पहली बार महिला को मिलने के लिए बुलाया था।
आरोपी ने साजिश के तहत बच्चे को महिला से लिया और कहा कि दोस्त के यहां छोड़कर आ रहा है। आशंका है कि इसी दौरान उसने बस स्टैंड के पास बच्चे को नाले में फेंक दिया क्योंकि 13 जुलाई को बच्चे का शव नाले से बरामद हो गया था। दोनों के प्रेम संबंध का खामियाजा मासूम को जान देकर गंवाना पड़ा।