1
1
1
2
3
Chhattisgarh Morning News: बजट सत्र से पहले BJP की रणनीतिक बैठक
राजधानी रायपुर में आज 22 फरवरी को भाजपा विधायक दल की अहम बैठक आयोजित होगी। यह बैठक मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में रात 8 बजे होगी।
बैठक में आगामी विधानसभा बजट सत्र को लेकर रणनीति बनाई जाएगी और विपक्ष के सवालों का जवाब देने की तैयारी की जाएगी। सभी मंत्री और विधायक इसमें शामिल होंगे।
कांग्रेस विधायक दल की बैठक
वहीं, कांग्रेस विधायक दल की बैठक भी आज शाम 4 बजे राजीव भवन में आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत करेंगे। बैठक में बजट सत्र के दौरान सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा होगी।
CM साय का व्यस्त कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। सुबह वे अपने निवास में ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनेंगे। इसके बाद वे विभिन्न आयोजनों में शामिल होते हुए दोपहर में बलौदाबाजार जिले के गिरौदपुरी पहुंचेंगे, जहां सतनाम समाज के कार्यक्रम में भाग लेंगे। ग्राम चापा में आयोजित मानव कुर्मी समाज महाधिवेशन में शामिल होने के बाद वे शाम को रायपुर लौटेंगे और रात में भाजपा विधायक दल की बैठक में हिस्सा लेंगे।
CGPSC प्रीलिम्स परीक्षा आज
राज्य में आज छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की प्रीलिम्स परीक्षा आयोजित की जा रही है। 33 जिलों में 265 पदों के लिए दो पालियों में परीक्षा ली जा रही है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा और परीक्षा केंद्रों के द्वार परीक्षा शुरू होने से पहले सील कर दिए जाएंगे।
होली पर 15+ स्पेशल ट्रेनें
होली के मद्देनजर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 15 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों से छत्तीसगढ़ सहित महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।