बालाघाट। जिले के किरनापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रजेगांव में बेखौफ बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। रजेगांव-लांजी मुख्य मार्ग पर बीती रात करीब 9:30 बजे आधा दर्जन से अधिक बाइक सवार लुटेरों ने स्थानीय सराफा व्यापारी गेंदलाल करंडे पर हमला कर लगभग ₹2 करोड़ मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित सराफा व्यापारी गेंदलाल करंडे की ग्राम रजेगांव में ही सराफा दुकान है। वे अपनी दुकान बंद कर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार लुटेरों ने उन्हें घेर लिया। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले व्यापारी की रेकी की थी।
डंडे से वार कर किया घायल
बदमाशों ने व्यापारी पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और गहनों से भरा बैग छीनकर फरार होने में कामयाब रहे। घटना के बाद लहूलुहान अवस्था में व्यापारी को तुरंत स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके की नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।