नई दिल्ली: भारत हर साल 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मनाता है। वर्ष 2026 में भी देशभर में आजादी के इस राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस बार 15 अगस्त शनिवार को पड़ रहा है। स्वतंत्रता दिवस भारत को ब्रिटिश शासन से मिली आजादी और देश की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने वाले अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की याद दिलाता है।
हालांकि, हर साल की तरह इस बार भी एक सवाल चर्चा में है कि 15 अगस्त 2026 को भारत अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा या 80वां? इसका सही जवाब है कि भारत 2026 में 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा।
15 अगस्त 2026 को 80वां स्वतंत्रता दिवस क्यों?
भारत को 15 अगस्त 1947 को ब्रिटिश शासन से स्वतंत्रता मिली थी। इसी दिन देश ने अपना पहला स्वतंत्रता दिवस मनाया था। इसलिए 15 अगस्त 1947 को पहला स्वतंत्रता दिवस मानते हुए 2026 में इसकी संख्या 80वीं हो जाती है।
अक्सर लोग 2026 में से 1947 घटाकर 79 निकाल लेते हैं और इसी वजह से 79वें और 80वें स्वतंत्रता दिवस को लेकर भ्रम पैदा होता है। लेकिन पहले स्वतंत्रता दिवस को भी गिनती में शामिल करने पर यह भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस होगा।
Independence Day 2026 की क्या है थीम?
वर्ष 2026 के स्वतंत्रता दिवस समारोह की थीम ‘Yuva Shakti for Viksit Bharat@2047’ बताई गई है। इसका फोकस देश के युवाओं की भूमिका और विकसित भारत के लक्ष्य में उनकी भागीदारी पर है।
इस वर्ष वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने का अवसर भी महत्वपूर्ण है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान प्रधानमंत्री के लाल किले पहुंचने पर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन, इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराने और देश को संबोधित करने का कार्यक्रम होगा।
15 अगस्त 1947 को भारत ने करीब दो शताब्दियों के ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन से आजादी हासिल की थी। स्वतंत्रता का यह सफर लंबे राजनीतिक संघर्ष, असहयोग और सविनय अवज्ञा आंदोलनों, क्रांतिकारी गतिविधियों तथा स्वतंत्रता सेनानियों और आम नागरिकों के विभिन्न आंदोलनों से होकर गुजरा।
इसलिए स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय अवकाश नहीं है, बल्कि यह उन संघर्षों और बलिदानों को याद करने का अवसर भी है, जिनकी वजह से भारत एक स्वतंत्र राष्ट्र बना।
देशभर में कैसे मनाया जाता है Independence Day?
हर साल 15 अगस्त को देश के अलग-अलग हिस्सों में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाते हैं। राज्यों की राजधानियों, सरकारी कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों और विभिन्न संस्थानों में ध्वजारोहण, परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
दिल्ली के लाल किले पर होने वाला राष्ट्रीय समारोह इसका सबसे प्रमुख आकर्षण होता है। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री को सशस्त्र बलों और दिल्ली पुलिस की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने से होती है। इसके बाद प्रधानमंत्री राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं और राष्ट्रगान के साथ समारोह आगे बढ़ता है।
इसके बाद प्रधानमंत्री देश को संबोधित करते हैं। समारोह के दौरान भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों से पुष्प वर्षा भी की जाती है
Independence Day 2026 देशवासियों को आजादी के संघर्ष, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों की याद दिलाएगा। यह दिन नागरिकों को देश की एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति अपने दायित्वों को याद करने का अवसर भी देता है।
इसलिए 15 अगस्त 2026 को भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा, जबकि आजादी की 79वीं वर्षगांठ पूरी होगी। यही अंतर 79वें और 80वें स्वतंत्रता दिवस को लेकर होने वाले भ्रम को दूर करता है।