1
1
Team India in Semifinals: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। इस शानदार जीत के बाद देशभर में खुशी का माहौल है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कई नेताओं ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर टीम इंडिया को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में जुझारू खेल दिखाते हुए इंग्लैंड को हराकर शानदार अंदाज में फाइनल में प्रवेश किया है। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा कि पूरी टीम ने बेहतरीन टीम वर्क, साहस और खेल कौशल का परिचय दिया है, जिससे पूरे देश को गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने इसे सिर्फ एक जीत नहीं बल्कि पूरे देश के आत्मविश्वास और तिरंगे की शान बताया।
वहीं डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी भारतीय टीम के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेमीफाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और टीम इंडिया ने शानदार खेल दिखाते हुए फाइनल में जगह बनाई है। उन्होंने संजू सैमसन की शानदार बल्लेबाजी, जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी, हार्दिक पांड्या के ऑलराउंड प्रदर्शन और अक्षर पटेल की बेहतरीन फील्डिंग की तारीफ की। उनके मुताबिक पूरी टीम ने मिलकर शानदार प्रदर्शन किया और जीत को यादगार बना दिया।
छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भी टीम इंडिया को बधाई देते हुए कहा कि अब भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप जीतने से बस एक कदम दूर है। उन्होंने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए फाइनल मुकाबले के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर टीम इंडिया को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मैच बेहद रोमांचक रहा और कई खिलाड़ियों ने जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने अक्षर पटेल और तिलक वर्मा के शानदार कैच, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह के अंतिम ओवरों के प्रदर्शन तथा शिवम दुबे की सधी हुई गेंदबाजी की खास तौर पर सराहना की। साथ ही उन्होंने टीम इंडिया को फाइनल मुकाबले के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
अब पूरे देश की नजरें टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले पर टिकी हुई हैं, जहां भारतीय टीम खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।