Air India flight Issue: एयर इंडिया के ऑपरेशनल एरर ने 300 यात्रियों की यात्रा को बाधित कर दिया। दिल्ली से वैंकूवर जा रही AI-185 फ्लाइट को गलत विमान भेजे जाने की वजह से 7 घंटे बाद वापस दिल्ली लौटना पड़ा। यात्रियों को इस लंबी और अनिश्चित उड़ान के दौरान काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
एयरलाइन ने इस रूट के लिए 777-300ER विमान होना चाहिए था, लेकिन गलती से 777-200LR को तैनात कर दिया गया। 777-200LR को कनाडा में उतरने की अनुमति नहीं थी, जिससे यह ऑपरेशनल नियमों का उल्लंघन बन गया। फ्लाइट गुरुवार को सुबह 11:34 बजे दिल्ली से उड़ी और लगभग 4 घंटे बाद कुनमिंग के एयरस्पेस में गलती पकड़ में आई। तुरंत निर्णय लिया गया और विमान को लौटाकर शाम 7:19 बजे दिल्ली में लैंड करवा दिया गया।
एयर इंडिया ने यात्रियों को सुरक्षित रखने का दावा किया और उन्हें होटल में ठहराया। अगले दिन सभी यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से वैंकूवर भेजा गया। इस गलत उड़ान की वजह से कंपनी को ईंधन और ऑपरेशन में लगभग ₹60 लाख का नुकसान हुआ।
यह घटना इस समय आई है, जब इंटरनेशनल रूट्स पर मांग बढ़ रही है और एयर इंडिया ने अतिरिक्त उड़ानों की घोषणा की है। विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह की चूक ऑपरेशन की विश्वसनीयता और शेड्यूलिंग पर प्रश्न खड़े करती है।