Bijapur Minor Girls Pregnant: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से सामने आया मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। गंगालूर स्थित पोटा केबिन छात्रावास में रहने वाली तीन छात्राएं गर्भवती पाई गई हैं। बताया जा रहा है कि इन छात्राओं का गर्भ करीब पांच महीने का है।
मिली जानकारी के मुताबिक गर्भवती छात्राओं में से दो नाबालिग हैं, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया है। घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और छात्रावास की व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
स्वास्थ्य विभाग को थी जानकारी
सूत्रों के अनुसार स्वास्थ्य विभाग ने इन छात्राओं के लिए गर्भवती महिला का कार्ड भी जारी किया है। इसका मतलब यह है कि स्वास्थ्य विभाग को छात्राओं की स्थिति के बारे में पहले से जानकारी थी और उनके स्वास्थ्य से जुड़ी प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी।
हालांकि छात्रावास की अधीक्षिका ने कहा है कि उन्हें छात्राओं के गर्भवती होने की जानकारी नहीं थी। इस बयान के बाद प्रशासन और शिक्षा विभाग की भूमिका को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं।
जांच की मांग तेज
छात्रावास में रह रही छात्राओं की सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी प्रशासन और शिक्षा विभाग की होती है। ऐसे में तीन छात्राओं के गर्भवती होने की घटना ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले को लेकर अब जांच की मांग तेज हो गई है। स्थानीय लोग और सामाजिक संगठन इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।