Chhattisgarh Artist World Record: छत्तीसगढ़ के कसडोल क्षेत्र के युवा कलाकार खगेश कुमार पैकरा ने ‘आदि परब 2026’ में अपनी शानदार प्रस्तुति से इतिहास रच दिया है। नवा रायपुर में आयोजित इस भव्य आयोजन में उन्होंने ‘गोल्डन बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में जगह बनाकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया।

यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की संस्कृति और प्रतिभा की वैश्विक पहचान का प्रतीक है। सोनाखान अंचल से निकली यह सफलता अब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई है।
कला के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ते कदम
खगेश वर्तमान में इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे हैं और मुंबई में नृत्य का विशेष प्रशिक्षण ले चुके हैं। साथ ही, वे राष्ट्रीय नाट्य मंचों पर भी सक्रिय हैं और कई प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।

कला के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें राज्य अलंकरण के लिए भी नामित किया गया था।
पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल
इस उपलब्धि के बाद बलौदाबाजार जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ में गर्व और खुशी का माहौल है। कई जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों ने इसे ऐतिहासिक पल बताया और खगेश को शुभकामनाएं दीं।

खगेश का कहना है कि वे आगे भी अपनी कला के माध्यम से छत्तीसगढ़ और आदिवासी संस्कृति को दुनिया भर में पहचान दिलाने का प्रयास करेंगे।