Chhattisgarh Budget Session Day 6: बजट पर चर्चा, अनुदान मांगों पर बहस और अफ़ीम की खेती का मुद्दा गरमाएगा सदन

Spread the love

Chhattisgarh Budget Session Day 6: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज छठा दिन है। सोमवार को सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी। प्रश्नकाल के बाद कई विभागों और संस्थाओं की वार्षिक रिपोर्टें सदन के पटल पर रखी जाएंगी और वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा होगी।

आज सदन में मंत्री दयालदास बघेल और लक्ष्मी राजवाड़े सदस्यों के सवालों के जवाब देंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मंत्री केदार कश्यप सहित अन्य मंत्री भी विभिन्न प्रतिवेदन और दस्तावेज सदन के पटल पर प्रस्तुत करेंगे।

प्रश्नकाल के बाद कई अहम वार्षिक रिपोर्टें भी सदन में रखी जाएंगी। इनमें छत्तीसगढ़ लोक सेवा अधिनियम के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण से संबंधित वार्षिक प्रतिवेदन शामिल है। इसके साथ ही सहकारी संस्थाओं की ऑडिट रिपोर्ट, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग की वार्षिक रिपोर्ट और छत्तीसगढ़ स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन की वार्षिक रिपोर्ट व वित्तीय विवरण भी पेश किए जाएंगे।

सदन में आज दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी लाए जाएंगे। विधायक भावना बोहरा और ब्यास कश्यप इस संबंध में ध्यानाकर्षण प्रस्तुत करेंगे, जबकि गोमती साय प्रतिवेदनों की प्रस्तुति करेंगी।

इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और लोक निर्माण विभाग के सड़क व पुल निर्माण कार्यों से जुड़ी अनुदान मांगों पर भी चर्चा होगी। साथ ही खेल एवं युवक कल्याण विभाग, लोक निर्माण विभाग के भवन कार्य और नगरीय निकायों को वित्तीय सहायता से जुड़े प्रस्तावों पर भी विचार किया जाएगा। डिप्टी मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा इन अनुदान मांगों पर चर्चा करेंगे।

वहीं दुर्ग में एक बीजेपी नेता द्वारा कथित अफ़ीम की खेती का मुद्दा भी आज सदन में गरमा सकता है। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है और प्रश्नकाल से ही इस पर तीखी बहस होने की संभावना जताई जा रही है।