Chhattisgarh Morning News: सीएम साय के कई कार्यक्रम, आज से फिर शुरू होगी विधानसभा की कार्रवाई, राज्यसभा चुनाव के लिए नाम वापसी का अंतिम दिन

Spread the love

Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में आज कई अहम राजनीतिक और सामाजिक घटनाक्रम होने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे, वहीं होली अवकाश के बाद विधानसभा की कार्रवाई फिर से शुरू होगी। इसके साथ ही राज्यसभा चुनाव के लिए नाम वापसी का आज अंतिम दिन है।

रायपुर में सीएम साय के कई कार्यक्रम

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में कई अहम कार्यक्रमों में शामिल होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 9:50 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास से प्रस्थान करेंगे और सुबह 10 बजे वीआईपी रोड स्थित भारत सेवा आश्रम पहुंचेंगे।

इसके बाद दोपहर 12:10 बजे से 1:20 बजे तक मुख्यमंत्री CII Chhattisgarh Annual Meeting 2026 में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद वे दोपहर 1:40 बजे नवा रायपुर स्थित विधानसभा के लिए रवाना होंगे और 1:45 बजे से शाम 6 बजे तक विधानसभा सत्र में भाग लेंगे।

होली अवकाश के बाद फिर शुरू होगी विधानसभा की कार्रवाई

होली के अवकाश के बाद आज से छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्रवाई दोबारा शुरू होगी। सदन में आज मंत्री दयालदास बघेल और मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के विभागों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री केदार कश्यप, मंत्री दयालदास बघेल और मंत्री रामविचार नेताम सदन के पटल पर विभिन्न पत्र और प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे।

इसके अलावा आज सदन में दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी लगाए जाएंगे, जिन्हें विधायक भावना बोहरा और ब्यास कश्यप पेश करेंगे। साथ ही विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अनुदान मांगों पर चर्चा की शुरुआत भी होगी, जिसमें डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा हिस्सा लेंगे।

राज्यसभा चुनाव के लिए नाम वापसी का अंतिम दिन

छत्तीसगढ़ से राज्यसभा चुनाव के लिए आज नाम वापसी का अंतिम दिन है। भाजपा की उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की उम्मीदवार फूलोदेवी नेताम को आज निर्वाचन अधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र दिया जाएगा।

दोपहर 3 बजे के बाद दोनों उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित करते हुए निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा जाएगा। इसके बाद यह प्रमाण पत्र राज्यसभा सचिवालय को भेजा जाएगा और आगे चलकर नए सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी।

प्रताड़ना से परेशान महिला ने की आत्महत्या

राजधानी रायपुर में एक महिला ने प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली आयसा खान (34) ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।

पुलिस जांच में सामने आया कि पति अमजद खान उस पर अक्सर चरित्र को लेकर शक करता था और मायके की संपत्ति में हिस्सा लाने का दबाव बनाता था। घटना 17 फरवरी 2026 की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।

नाबालिग ने खुद के अपहरण की रची साजिश

दुर्ग जिले के भिलाई-3 क्षेत्र में नाबालिग के अपहरण के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच में पता चला कि नाबालिग ने म्यूल खाते के पैसे चुकाने के लिए दोस्तों के साथ मिलकर खुद के अपहरण की साजिश रची थी।

पुलिस ने इस मामले में धनबाद और झारसुगुड़ा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

15 मार्च को कर्मा जयंती और सामूहिक विवाह

रायपुर में 15 मार्च को संत माता कर्मा आश्रम समिति की ओर से कर्मा जयंती और आदर्श सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन टिकरापारा में किया जाएगा।

समिति के कार्यकारी अध्यक्ष तनु साहू के अनुसार कार्यक्रम आचार्य पंडित सुकृत साहेब शास्त्री के सानिध्य में संपन्न होगा।

जरुर पढ़ें

InkLink News Agency is a fast-growing digital news agency and aggregator delivering accurate, timely, and reliable updates across India. We provide dedicated coverage for India, Chhattisgarh, and Madhya Pradesh, along with in-depth reporting across key categories including Business, Technology, Politics, Crime, Literature, and more.

 

Stay informed. Stay connected. Stay ahead with InkLink News Agency.