Chhattisgarh Morning News: सीएम साय का बर्थडे, 10वीं बोर्ड परीक्षा शुरू और सियासी घेराव – जानिए आज प्रदेश में क्या-क्या होगा?

Spread the love

Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में आज का दिन कई अहम घटनाओं के नाम रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपना 62वां जन्मदिन जशपुर के बगिया में धार्मिक अनुष्ठान के साथ मनाएंगे। प्रदेश में आज से 10वीं बोर्ड परीक्षा की शुरुआत हो रही है, जिसमें लाखों विद्यार्थी शामिल होंगे। वहीं युवा कांग्रेस राजधानी रायपुर में भाजपा कार्यालय का घेराव करेगी। इसके अलावा शहर में आधार अपडेट शिविर, निशुल्क स्वास्थ्य जांच और ‘जाणता राजा’ नाट्य मंचन जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज मनाएंगे जन्मदिन

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपना 62वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर वे अपने गृह जिले जशपुर के बगिया गांव में रहेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक, वे सुबह 9 बजे रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन से पुलिस ग्राउंड हेलीपैड के लिए रवाना होंगे और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा बगिया पहुंचेंगे।

सुबह करीब 10:30 बजे बगिया हेलीपैड पहुंचने के बाद वे अपने निवास पर आयोजित सत्यनारायण व्रत कथा में शामिल होंगे। धार्मिक अनुष्ठान के बाद दोपहर 3:40 बजे वे वापस रायपुर के लिए रवाना होंगे और शाम करीब 5:20 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे। जन्मदिन के अवसर पर समर्थकों और स्थानीय लोगों में खास उत्साह देखा जा रहा है।

10वीं बोर्ड परीक्षा आज से शुरू

प्रदेश में आज से CG Board Exam 2026 के तहत 10वीं बोर्ड परीक्षा की शुरुआत हो गई है। इस वर्ष कुल 3 लाख 23 हजार 705 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार पंजीयन संख्या में हल्की कमी दर्ज की गई है।

परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शिक्षा विभाग ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलमुक्त बनाने के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं।

भाजपा कार्यालय का घेराव करेगी युवा कांग्रेस

दिल्ली में आयोजित इंडिया AI समिट के दौरान हुए विवाद के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इसी मुद्दे को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस ने आज भाजपा कार्यालय का घेराव करने का ऐलान किया है।

यह प्रदर्शन दोपहर 2 बजे रायपुर के राजीव गांधी चौक से शुरू होगा। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा करेंगे। प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

22 फरवरी को भाजपा विधायक दल की बैठक

भाजपा विधायक दल की बैठक 22 फरवरी को नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में रात 8 बजे आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। इसमें आगामी विधानसभा बजट सत्र को लेकर रणनीति बनाई जाएगी और विपक्ष के सवालों का जवाब देने पर चर्चा होगी।

कांग्रेस विधायक दल की बैठक भी 22 को

इसी दिन कांग्रेस विधायक दल की बैठक भी आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता डॉ. चरणदास महंत करेंगे। यह बैठक शाम 4 बजे राजीव भवन में होगी, जिसमें बजट सत्र के दौरान सरकार को घेरने की रणनीति तय की जाएगी।

आधार नामांकन एवं सुधार के विशेष शिविर

रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में डाक विभाग की ओर से आधार नामांकन और सुधार के लिए विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। यह शिविर आंगनबाड़ी कुकरीपारा, प्रोफेसर कॉलोनी, ग्राम पंचायत भवन सेंदरस, सरसींवा और ग्राम पंचायत सांकरा में आयोजित किए जाएंगे।

शिविर में नया आधार कार्ड बनवाने, नाम, जन्मतिथि, पता, फोटो, मोबाइल नंबर और बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा दी जाएगी। 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु के बाद अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा 1 अक्टूबर 2025 से एक वर्ष तक निःशुल्क उपलब्ध रहेगी।

रायपुर में आज के अन्य कार्यक्रम


निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर

नहर पारा विकास समिति द्वारा गुरुनानक चौक स्थित लाइंस क्लब परिसर में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। आम नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

‘जाणता राजा’ का भव्य मंचन

प्रसिद्ध नाट्य प्रस्तुति जाणता राजा का तीसरा मंचन आज साइंस कॉलेज मैदान में होगा। इस कार्यक्रम में पुणे की नाट्य मंडली और स्थानीय कलाकार भाग लेंगे। मंचन शाम 6:30 बजे से शुरू होगा।

एचएनएलयू का दीक्षांत समारोह

हिदायतुल्लाह नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी का 9वां दीक्षांत समारोह 22 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से मुख्य अतिथियों और सम्मानित किए जाने वाले मेडल की जानकारी जल्द साझा की जाएगी।

जरुर पढ़ें

InkLink News Agency is a fast-growing digital news agency and aggregator delivering accurate, timely, and reliable updates across India. We provide dedicated coverage for India, Chhattisgarh, and Madhya Pradesh, along with in-depth reporting across key categories including Business, Technology, Politics, Crime, Literature, and more.

 

Stay informed. Stay connected. Stay ahead with InkLink News Agency.