Chhattisgarh Weather Update : छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज इन दिनों बदलता हुआ नजर आ रहा है। जहां एक ओर राज्य के कई जिलों में तेज गर्मी पड़ रही है, वहीं बस्तर संभाग के कुछ जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जा रहा है।
राज्य के कई इलाकों में मार्च के महीने में ही गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा है। खासतौर पर राजनांदगांव जिले में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। वहीं राजधानी रायपुर में भी सुबह से तेज धूप और गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है। लोग धूप से बचने के लिए चेहरे ढककर घरों से बाहर निकल रहे हैं।
बस्तर संभाग में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले एक से दो दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। खासतौर पर बस्तर संभाग के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बदलाव के कारण बस्तर क्षेत्र में तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि प्रदेश के बाकी हिस्सों में गर्मी का असर बना रह सकता है।
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम
अगर पिछले 24 घंटे की बात करें तो पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा है। इस दौरान राज्य का सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में दर्ज किया गया। यहां तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन में अब तक का सबसे अधिक तापमान है।
वहीं अंबिकापुर राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है, जबकि बाकी जिलों में गर्मी का असर बना रह सकता है।