Ghar Wapsi Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र के तरांदुल गांव में एक बार फिर घर वापसी का मामला सामने आया है। यहां 7 परिवारों के 48 लोगों ने ईसाई धर्म छोड़कर सनातन धर्म अपनाने की घोषणा की। यह कार्यक्रम धार्मिक मंत्रोच्चारण और पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ।
धार्मिक विधि-विधान से हुआ कार्यक्रम
गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी लोगों ने गांव के मुखिया और अन्य ग्रामीणों की मौजूदगी में सनातन धर्म में वापसी की प्रक्रिया पूरी की। कार्यक्रम में मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना के साथ उनका स्वागत किया गया।
तीन साल पहले बदला था धर्म
जानकारी के अनुसार, इन परिवारों ने करीब तीन वर्ष पहले ईसाई धर्म अपनाया था, लेकिन अब उन्होंने दोबारा अपने मूल धर्म में लौटने का निर्णय लिया है। कार्यक्रम के दौरान सभी ने सार्वजनिक रूप से सनातन धर्म अपनाने की घोषणा की।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे मामले
इससे पहले भी भानुप्रतापपुर विकासखंड के घोठा गांव में एक परिवार के 5 सदस्यों ने ईसाई धर्म छोड़कर अपने मूल धर्म में वापसी की थी।
कवर्धा में भी बड़ी संख्या में घर वापसी
वहीं कवर्धा जिले में 140 से अधिक लोगों ने ईसाई धर्म छोड़कर सनातन धर्म अपनाया था। उस कार्यक्रम में विधायक भावना बोहरा ने भी हिस्सा लिया था और सभी लोगों का धार्मिक परंपरा के अनुसार स्वागत किया गया था।
बताया जा रहा है कि प्रदेश में आमाबेड़ा क्षेत्र की घटना के बाद घर वापसी के मामलों में तेजी आई है।
