Illegal Hookah Bar Busted: मकान में चल रहा था अवैध हुक्का बार, 500 रुपये में युवाओं को परोसा जा रहा था नशा

Spread the love

Illegal Hookah Bar Busted: शहर के सरकंडा इलाके में एक मकान के भीतर अवैध रूप से संचालित हुक्का बार का खुलासा हुआ है। सरकंडा थाना पुलिस ने राजकिशोर नगर क्षेत्र में छापेमार कार्रवाई करते हुए संचालक समेत पांच युवकों को गिरफ्तार किया। मौके से हुक्का सामग्री, तंबाकू युक्त फ्लेवर और नगद रकम जब्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 (COTPA) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

सूचना के आधार पर हुई रेड

पुलिस को 26 फरवरी की रात सूचना मिली थी कि आर्यन पब्लिक स्कूल के पास स्थित अथर्व पाण्डेय के मकान में अवैध हुक्का बार चलाया जा रहा है। यहां युवाओं को सिगरेट और तंबाकू युक्त फ्लेवर मिलाकर 500 रुपये प्रति घंटे की दर से हुक्का पिलाया जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने गवाहों के साथ मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।

हुक्का पीते मिले युवक

रेड के दौरान तीन युवक हुक्का पीते हुए पाए गए। वहीं एक युवक मैनेजर के रूप में हुक्का परोसते मिला। पूछताछ में सामने आया कि संचालक अथर्व शंकर पाण्डेय उर्फ शुभ उर्फ चिकू और उसका सहयोगी मिलकर यह अवैध गतिविधि चला रहे थे। ग्राहकों से प्रति घंटे 500 रुपये वसूले जा रहे थे।

बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2 हुक्का पॉट, 1 कोल हीटर, तंबाकू युक्त फ्लेवर (रसीली ब्रांड), सिल्वर फॉयल, नोजल पैकेट, कोल छननी सहित अन्य सामग्री जब्त की। साथ ही मैनेजर के कब्जे से 4,000 रुपये नकद बरामद किए गए।

नहीं दिखा सके वैध लाइसेंस

पुलिस ने संचालक और मैनेजर से हुक्का बार संचालन का वैध लाइसेंस और दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वे कोई वैध अनुमति नहीं दिखा सके। इसके बाद संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों को वैधानिक प्रावधानों के तहत नोटिस देकर विवेचना में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। मामले की जांच जारी है और आगे भी ऐसी अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जरुर पढ़ें

InkLink News Agency is a fast-growing digital news agency and aggregator delivering accurate, timely, and reliable updates across India. We provide dedicated coverage for India, Chhattisgarh, and Madhya Pradesh, along with in-depth reporting across key categories including Business, Technology, Politics, Crime, Literature, and more.

 

Stay informed. Stay connected. Stay ahead with InkLink News Agency.