IndiGo Ticket Price Hike: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन IndiGo ने फ्लाइट टिकट की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। कंपनी ने बताया कि 14 मार्च 2026 से नई बुकिंग पर टिकट के साथ अतिरिक्त फ्यूल चार्ज जोड़ा जाएगा।
यह चार्ज यात्रियों से 425 रुपये से लेकर 2300 रुपये तक वसूला जाएगा, जो उड़ान के रूट के अनुसार अलग-अलग होगा।
ईंधन की कीमतों में भारी उछाल
एयरलाइन के मुताबिक पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव की वजह से एविएशन ईंधन की कीमतों में भारी उछाल आया है। International Air Transport Association के आंकड़ों के अनुसार हाल के समय में जेट फ्यूल की कीमतों में 85 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है।
एयरलाइंस के संचालन खर्च में ATF का बड़ा हिस्सा होता है, इसलिए इसकी कीमत बढ़ने से एयरलाइन कंपनियों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ता है।
घरेलू और अंतरराष्ट्रीय रूट पर अलग शुल्क
कंपनी के अनुसार भारत के भीतर चलने वाली सभी घरेलू उड़ानों के लिए 425 रुपये फ्यूल चार्ज तय किया गया है।
भारतीय उपमहाद्वीप के देशों Bangladesh, Nepal, Bhutan, Sri Lanka और Maldives के लिए भी यही चार्ज लागू होगा।
मिडिल ईस्ट की उड़ानों के लिए 900 रुपये, दक्षिण-पूर्व एशिया और चीन के लिए 1800 रुपये और यूरोप जाने वाली फ्लाइट्स के लिए 2300 रुपये तक फ्यूल चार्ज तय किया गया है।