Jashpur Bus Accident: ब्रेक फेल होने से पलटी यात्री बस, 5 की मौत, 20 से ज्यादा घायल

Spread the love

Jashpur Bus Accident: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। झारखंड के कुरडेग से कुनकुरी आ रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। कलेक्टर रोहित व्यास ने घटना की पुष्टि की है।

ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार अनमोल बस (CG 14 G 0263) झारखंड के करडेगा से कुनकुरी की ओर जा रही थी। शुक्रवार सुबह करीब 9:45 बजे करडेगा चौकी क्षेत्र के गोड़अंबा गांव के पास ढलान में बस का ब्रेक अचानक फेल हो गया। बस में सवार एक यात्री ने चालक से बस रोकने के लिए कहा, तभी कंडक्टर ने यात्रियों को बताया कि बस का ब्रेक फेल हो गया है।

कुछ ही क्षणों में बस अनियंत्रित हो गई और सुरेंद्र साय के निर्माणाधीन मकान के पास पलट गई। उस समय बस में दो दर्जन से अधिक यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासन ने तुरंत तीन एम्बुलेंस मौके पर भेजीं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

स्थानीय लोगों ने की मदद

हादसे के बाद गोड़अंबा गांव के स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य में अहम भूमिका निभाई। गांव के दिगंबर यादव ने सबसे पहले मदद के लिए पहल की। उनके साथ सरपंच पति शिवशंकर साय, उपसरपंच दशरथ प्रसाद यादव और प्रभाशंकर यादव ने प्रशासन को सूचना देकर घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

जेसीबी मशीन की मदद से पलटी हुई बस को हटाया गया और अंदर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

इन लोगों की हुई मौत

कुनकुरी के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. श्रीमती के. कुजूर ने हादसे में पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में पति-पत्नी और पिता-पुत्र भी शामिल हैं।

मृतकों में महेश राम (45) और उनकी पत्नी बिमला (42) निवासी ग्राम मकरीबंधा, तहसील दुलदुला शामिल हैं। इसके अलावा संपति देवी (52) निवासी जिला सिमडेगा, झारखंड, दिगेश्वर (40) निवासी ग्राम ढोढी और उनके पांच महीने के बेटे घनश्याम की भी इस हादसे में मौत हो गई।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में घायल यात्रियों को कुनकुरी अस्पताल, जिला अस्पताल और अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है। फिलहाल 13 घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल चार लोगों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

कौशल्या देवी साय ने घायलों से की मुलाकात

हादसे की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी कौशल्या देवी साय कुनकुरी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों को घायलों को बेहतर इलाज और सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और प्रशासन द्वारा मामले की जांच भी की जा रही है।

जरुर पढ़ें

InkLink News Agency is a fast-growing digital news agency and aggregator delivering accurate, timely, and reliable updates across India. We provide dedicated coverage for India, Chhattisgarh, and Madhya Pradesh, along with in-depth reporting across key categories including Business, Technology, Politics, Crime, Literature, and more.

Stay informed. Stay connected. Stay ahead with InkLink News Agency.