PNG LPG Connection Rule: पेट्रोलियम मंत्रालय ने नया आदेश जारी किया है। इसके तहत अब जिन घरों में पाइपलाइन के जरिए PNG गैस की सुविधा उपलब्ध है, उन्हें LPG सिलेंडर नहीं दिया जाएगा। जिन उपभोक्ताओं के पास दोनों कनेक्शन हैं, उन्हें अपना LPG सिलेंडर वापस करना होगा।
मंत्रालय ने इस संबंध में देशभर के गैस डीलरों को निर्देश जारी किए हैं। डीलरों से साफ कहा गया है कि PNG कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को LPG सिलेंडर की सप्लाई बंद की जाए। सरकार का मानना है कि इससे गैस वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकेगा।
बढ़ती मांग के कारण लिया गया फैसला
पिछले कुछ समय में LPG सिलेंडरों की मांग में काफी बढ़ोतरी देखी गई है। कई शहरों में सिलेंडर के लिए लंबी लाइनें लग रही हैं। इसके अलावा कुछ जगहों पर जमाखोरी और कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आई हैं।
ऐसे में सरकार ने यह कदम उठाया है ताकि जिन लोगों के पास PNG की सुविधा है वे उसी का इस्तेमाल करें और LPG सिलेंडर उन इलाकों में भेजे जा सकें जहां पाइपलाइन गैस उपलब्ध नहीं है।
रोजाना LPG बुकिंग में उछाल
सरकारी आंकड़ों के अनुसार देश में करीब 60 लाख परिवारों तक PNG कनेक्शन पहुंच चुका है। हाल ही में LPG सिलेंडर की रोजाना बुकिंग में भी तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पहले जहां औसतन 55.7 लाख सिलेंडर बुक होते थे, अब यह संख्या बढ़कर 75.7 लाख तक पहुंच गई है।
सरकार का कहना है कि PNG LPG Connection Rule लागू होने से गैस की सप्लाई को संतुलित करने में मदद मिलेगी और जरूरतमंद उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर मिल सकेगा।
सरकार की लोगों से अपील
पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के कारण गैस सप्लाई को लेकर लोगों में चिंता देखी जा रही है। हालांकि सरकार का कहना है कि देश में LPG की पर्याप्त उपलब्धता है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि गैस वितरण पर लगातार नजर रखी जाए और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की जाए।