Raipur Central Jail Raid: राजधानी रायपुर की सेंट्रल जेल में देर रात अचानक जेल अधिकारियों द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाए जाने की सूचना सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक जेल प्रशासन की टीम ने आधी रात को अलग-अलग बैरकों में पहुंचकर तलाशी ली।
इस तलाशी अभियान के दौरान मोबाइल फोन, गांजा और पेन ड्राइव सहित कई आपत्तिजनक सामान मिलने की खबर है। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान 40 से 50 से अधिक मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार जेल में बंद गैंगस्टर मुकेश बनिया के पास से भी एक की-पैड मोबाइल जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। रायपुर सेंट्रल जेल में कई हाईप्रोफाइल कैदी बंद हैं, इसलिए इस मामले को गंभीरता से देखा जा रहा है।
दरअसल हाल ही में जेल के एक बैरक में रोजा-इफ्तार पार्टी की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इसी घटना के बाद अधिकारियों ने जेल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अचानक सर्च ऑपरेशन चलाया।
फिलहाल इस पूरे मामले में जेल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन विश्वस्त सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आ रही है कि तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ है।