Raipur Chakubaji News: राजधानी रायपुर में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद भी शहर में चाकूबाजी और मारपीट की घटनाएं रुक नहीं रही हैं। इसी कड़ी में रायपुर के मौदहापारा इलाके में सोमवार शाम एक गंभीर घटना सामने आई, जहां दो गुटों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
मिली जानकारी के अनुसार इस दौरान रवि रक्सेल, अभय और उनके साथियों ने दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद माहौल और ज्यादा बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि रक्सेल परिवार के कुछ लोग अंबेडकर अस्पताल के पास मरही माता मंदिर के पास तलवार लेकर खड़े थे, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
इसके बाद आरोपी और पीड़ित पक्ष के लोगों के बीच पत्थरबाजी की घटना भी हुई। पीड़ित पक्ष के परिजनों का आरोप है कि पत्थरबाजी की शुरुआत रक्सेल परिवार के लोगों ने की थी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही मौदहापारा पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
चाकूबाजी के 5 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रवि रक्सेल, हर्ष कोसले, लोकेश रक्सेल, अभय रक्सेल और जय रक्सेल शामिल हैं। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने मोहम्मद अल्ताफ और राशिद अली पर चाकू से प्राणघातक हमला किया, जिससे दोनों घायल हो गए।
घटना के बाद मरही माता मंदिर के सामने कुछ अज्ञात लोगों द्वारा पथराव किए जाने की भी सूचना मिली। वहीं दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने तलवार लहराकर इलाके में भय का माहौल बनाने की कोशिश की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि चाकूबाजी और पथराव की घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। फिलहाल इलाके की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।