Raipur Gutter Accident: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बड़ा हादसा सामने आया है। पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण अस्पताल के सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान तीन सफाईकर्मियों की जान चली गई।
यह हादसा मंगलवार रात करीब 8 बजे के बाद हुआ, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
एक को बचाने उतरे, तीनों की गई जान
मिली जानकारी के अनुसार, अस्पताल प्रबंधन ने टैंक की सफाई के लिए कर्मचारियों को बुलाया था। जैसे ही पहला कर्मचारी नीचे उतरा, वह जहरीली गैस के कारण बेहोश हो गया।
उसे बचाने के लिए उसके दो साथी भी टैंक में उतरे, लेकिन वे भी गैस की चपेट में आ गए। इस तरह एक-एक कर तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। दो शवों को बाहर निकाल लिया गया है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है।
मृतकों की पहचान अनमोल मांझी, गोविंद सेंद्रे और पेर्रा कुमार के रूप में की गई है।
लापरवाही के आरोप, जांच शुरू
इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि बिना सुरक्षा उपकरणों के कर्मचारियों को टैंक में उतारा गया था।
टिकरापारा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इन कर्मचारियों को किसने और किन शर्तों पर काम पर लगाया था।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।