Taliban Drone Attack on Islamabad: पाकिस्तान की राजधानी Islamabad में ड्रोन हमले की खबर सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अफगान तालिबान ने दावा किया है कि राजधानी के मध्य इलाके में स्थित एक सैन्य ठिकाने पर ड्रोन से हमला किया गया।
तालिबान का कहना है कि यह हमला हमजा सैन्य अड्डे पर किया गया, जिसमें संपत्ति को नुकसान पहुंचा है और कुछ लोगों के हताहत होने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि इस दावे की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
विस्फोटकों से भरे दो ड्रोन गिरने की रिपोर्ट
पाकिस्तानी अखबार Dawn ने सूत्रों के हवाले से बताया कि सुरक्षा एजेंसियों ने विस्फोटकों से भरे दो ड्रोन को इंटरसेप्ट किया है।
रिपोर्ट के अनुसार एक ड्रोन फैजाबाद इलाके के पास गिरा, जबकि दूसरा I-9 Sector Islamabad में गिरा। बताया जा रहा है कि दोनों ड्रोन में विस्फोटक सामग्री मौजूद थी और उन्हें समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया।
एयरपोर्ट बंद होने की खबरों पर सफाई
ड्रोन हमले की खबरों के बाद Islamabad International Airport को लेकर भी कई तरह की खबरें सामने आईं। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट और एयरस्पेस को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
हालांकि बाद में Pakistan Airports Authority ने इन खबरों का खंडन करते हुए कहा कि इस्लामाबाद के हवाई क्षेत्र को बंद किए जाने की खबरें बेबुनियाद हैं और एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन सामान्य रूप से जारी है।
सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुई चर्चा
इस घटना को लेकर चर्चा तब तेज हुई जब पाकिस्तान के पत्रकार Raja Muneeb ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ड्रोन हमले का दावा करते हुए पोस्ट किया।
उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा कि अफगान तालिबान ने इस्लामाबाद में ड्रोन हमला किया है और इसका निशाना एक सैन्य अड्डा था। इसके बाद यह खबर तेजी से सोशल मीडिया पर फैल गई।
सुरक्षा के लिए लड़ाकू विमान तैनात
ड्रोन हमले की खबरों के बाद सुरक्षा के मद्देनजर पाकिस्तान ने राजधानी के ऊपर लड़ाकू विमान तैनात किए हैं। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं और संभावित खतरे को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।
हालांकि पाकिस्तान की ओर से इस पूरे मामले को लेकर अब तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।