UPSC 2025 में छत्तीसगढ़ के युवाओं का शानदार प्रदर्शन, रायपुर की वैभवी अग्रवाल को 35वीं रैंक

Spread the love

UPSC 2025: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के फाइनल परिणाम में छत्तीसगढ़ के युवाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। राजधानी रायपुर की वैभवी अग्रवाल, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की दर्शना सिंह बघेल और धमतरी के डायमंड सिंह ध्रुव ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की है।

रायपुर की वैभवी अग्रवाल को मिली 35वीं रैंक

राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके की रहने वाली वैभवी अग्रवाल ने सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया 35वीं रैंक हासिल की है। यह उनका तीसरा प्रयास था। इससे पहले दो बार उन्हें असफलता का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत के दम पर इस बार सफलता हासिल कर ली।

रिजल्ट आने के बाद वैभवी अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंचीं और भगवान का आशीर्वाद लिया। उन्होंने बताया कि बचपन से ही उनका सपना समाज सेवा करने का रहा है और इसी उद्देश्य से उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू की थी।

दर्शना सिंह बघेल को मिली 383वीं रैंक

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के जनकपुर की रहने वाली दर्शना सिंह बघेल ने भी सिविल सेवा परीक्षा में 383वीं रैंक हासिल कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। पिछले वर्ष उन्होंने प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा तो पास कर ली थी, लेकिन इंटरव्यू में चयन नहीं हो पाया था।

इस बार दूसरे प्रयास में उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करते हुए सफलता हासिल की। दर्शना के पिता अरुण सिंह बघेल किसान हैं और सोसाइटियों का संचालन करते हैं, जबकि उनकी मां सीमा सिंह जनकपुर नगर पंचायत की पार्षद हैं।

धमतरी के डायमंड सिंह ध्रुव को 623वीं रैंक

धमतरी जिले के ग्राम परसवानी के रहने वाले डायमंड सिंह ध्रुव ने भी यूपीएससी परीक्षा में 623वीं रैंक हासिल की है। वह वर्तमान में छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस सेवा के 2024 बैच के डीएसपी अधिकारी हैं।

डायमंड सिंह ध्रुव ने अपनी नौकरी के साथ-साथ यूपीएससी की तैयारी जारी रखी और अब इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। माना जा रहा है कि उनकी रैंक के आधार पर उनका चयन भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए हो सकता है।

रायपुर के अन्य अभ्यर्थियों को भी मिली सफलता

इनके अलावा रायपुर के रौनक अग्रवाल और संजय डहरिया का भी यूपीएससी में चयन हुआ है। परिणाम घोषित होने के बाद पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है और सफल अभ्यर्थियों को लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।

जरुर पढ़ें

InkLink News Agency is a fast-growing digital news agency and aggregator delivering accurate, timely, and reliable updates across India. We provide dedicated coverage for India, Chhattisgarh, and Madhya Pradesh, along with in-depth reporting across key categories including Business, Technology, Politics, Crime, Literature, and more.

 

Stay informed. Stay connected. Stay ahead with InkLink News Agency.