Assembly Elections 2026: देश के दो बड़े राज्यों पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में आज विधानसभा चुनाव के तहत मतदान हो रहा है। दोनों राज्यों में कुल 5,501 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद होगी। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत 152 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इस चरण में कुल 1,478 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य के लगभग 3.60 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 1.75 करोड़ से अधिक महिला मतदाता शामिल हैं।
पहले चरण में उत्तर बंगाल, दक्षिण बंगाल और जंगलमहल क्षेत्र के कुल 16 जिलों में मतदान हो रहा है। इनमें मुर्शिदाबाद, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, दार्जिलिंग, मालदा, बीरभूम, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा समेत कई जिले शामिल हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 2,407 कंपनियां तैनात की गई हैं। चुनाव आयोग के अधिकारियों के अनुसार, संवेदनशील इलाकों की पहचान कर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
वहीं, तमिलनाडु में सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान हो रहा है। राज्य में इस बार 4,023 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। लगभग 5.73 करोड़ मतदाता आज अपने मत का प्रयोग कर उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला करेंगे।
तमिलनाडु चुनाव में इस बार अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी ‘टीवीके’ पर खास नजरें टिकी हुई हैं। कई सीटों पर पार्टी को अच्छा जनसमर्थन मिलने की चर्चा है।
दोनों राज्यों में मतदान सुबह से ही शुरू हो चुका है और मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है। चुनाव आयोग ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है।