Assam Flood News: 11 जिलों में बाढ़ का कहर, 47 लोगों की मौत, 800 से ज्यादा गांव जलमग्न

Spread the love

गुवाहाटी: Assam Flood News असम में लगातार बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति शुक्रवार को भी गंभीर बनी रही। राज्य में बाढ़ से अब तक 47 लोगों की मौत हो चुकी है और 11 जिलों में 7.21 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बताया कि करीब 40 लोग अब भी लापता हैं और मृतकों की संख्या भी बढ़ सकती है।

Assam Flood News मुख्यमंत्री शर्मा बाढ़ प्रभावित जिलों में स्थिति की समीक्षा के लिए जिला आयुक्तों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक करेंगे। इस दौरान वह संकट से निपटने के लिए प्रशासन की ओर से किए जा रहे उपायों का जायजा लेंगे। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ है, लेकिन हम अब भी करीब 20 प्रतिशत प्रभावित लोगों तक नहीं पहुंच पाए हैं। आज हम उन तक पहुंचने में सफल होंगे।

’ शर्मा ने कहा कि जानकारी के अनुसार करीब 40 लोग लापता हैं और मृतकों की संख्या भी बढ़ने की आशंका है। उन्होंने कहा, ‘सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ है और हर संभव मदद करेगी। बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार की एक टीम 25 जुलाई को राज्य का दौरा करेगी।’

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के एक प्रवक्ता ने बताया कि शुक्रवार सुबह नौ बजे शिवसागर शहर में दिखौ नदी का जलस्तर अब भी ‘गंभीर बाढ़ स्तर से ऊपर’ था। उन्होंने कहा, ‘दिखौ नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसे देखते हुए लोगों को नदी से दूर रहने की सलाह दी गई है।’ फिलहाल खोवांग में बुरीदिहिंग, नांगलामुराघाट में दिसांग, शिवसागर में दिखौ, नुमालीगढ़ में धनसिरी और श्रीभूमि में कुशियारा नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

एएसडीएमए की ओर से बृहस्पतिवार रात जारी बाढ़ बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान बाढ़ से छह लोगों की मौत हो गई है। इसमें बताया गया कि शिवसागर जिले में बाढ़ के पानी में डूबने से चार लोगों, जिनमें एक महिला और एक बच्चा शामिल हैं, की मौत हुई है। वहीं चराइदेव जिले में दो लोगों, जिनमें एक बच्चा शामिल है, की मौत हुई है।

इन मौतों के साथ ही राज्य में इस साल बाढ़ से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 47 हो गई है। इसमें बताया गया कि सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा, पुलिस और नागरिक एजेंसियों जैसी कई संस्थाओं ने गोलाघाट, जोरहाट और शिवसागर के विभिन्न इलाकों से करीब 5,000 लोगों को सुरक्षित निकाला है। एएसडीएमए ने बताया कि फिलहाल असम में 883 गांव जलमग्न हैं और 25,375.44 हेक्टेयर फसल क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है।

  • असम में लगातार बारिश
  • अब तक 47 लोगों की मौत
  • 11 जिलों में 7.21 लाख से अधिक लोग प्रभावित

जरुर पढ़ें

InkLink News Agency is a fast-growing digital news agency and aggregator delivering accurate, timely, and reliable updates across India. We provide dedicated coverage for India, Chhattisgarh, and Madhya Pradesh, along with in-depth reporting across key categories including Business, Technology, Politics, Crime, Literature, and more.

Stay informed. Stay connected. Stay ahead with InkLink News Agency.