Bhilai Ambedkar Comment Controversy: छत्तीसगढ़ के भिलाई में B. R. Ambedkar पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद बौद्ध समाज, अंबेडकरवादी संगठनों और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
Bhilai Ambedkar Comment Controversy: वायरल वीडियो के बाद मचा बवाल
मिली जानकारी के अनुसार भिलाई की युवती अनामिका उपाध्याय ने बाबा साहेब पर टिप्पणी करते हुए एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद लोगों में आक्रोश फैल गया।
गुस्साए लोग बड़ी संख्या में थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने इस मामले में सख्त धाराएं लगाने और कड़ी सजा देने की भी मांग उठाई।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299, 252, 253 सहित अन्य गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
बताया जा रहा है कि भिलाई और दुर्ग के अलग-अलग थानों में भी इस मामले को लेकर कई शिकायतें दर्ज कराई जा रही हैं।
“समाज बर्दाश्त नहीं करेगा”
भारतीय बौद्ध महासभा भिलाई के अध्यक्ष विनोद वासनिक ने कहा कि युवती को पहले भी चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसने दोबारा ऐसी टिप्पणी की, जिसे समाज स्वीकार नहीं करेगा।
वहीं, सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में केस दर्ज किया गया है और उसे कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
Bhilai Ambedkar Comment Controversy: बढ़ी निगरानी, हालात पर पुलिस की नजर
घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस सतर्क है और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
फिलहाल मामला संवेदनशील बना हुआ है और प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।