CG Live-In Partner Murder: बलरामपुर में महिला की हत्या का खुलासा, लिव-इन पार्टनर गिरफ्तार

Spread the love

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के कुसमी में महिला की हत्या के करीब 40 दिन बाद पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका के लिव-इन पार्टनर रतन नगेशिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों पिछले कई महीनों से साथ रह रहे थे और घटना की रात विवाद के बाद महिला की हत्या कर दी गई।

यह मामला कुसमी थाना क्षेत्र की सिंचाई कॉलोनी का है। महिला की बेटी जब अपनी मां से मिलने घर पहुंची, तब घटना का पता चला था। शुरुआती जांच में मामला ब्लाइंड मर्डर का लग रहा था।

7-8 महीने से लिव-इन रिलेशन में थे दोनों

पुलिस के मुताबिक, आरोपी और मृतका पिछले करीब 7 से 8 महीने से लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे। दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रहते थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाली रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। पुलिस का आरोप है कि आरोपी महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाना चाहता था, लेकिन महिला ने इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

विवाद के बाद महिला पर किया हमला

पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर कमरे में रखी कुदाली से महिला के सिर पर वार किया। गंभीर चोट लगने के बाद महिला की मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसके चलते पुलिस के सामने हत्या की गुत्थी सुलझाने की चुनौती थी।

बेटी ने घर पहुंचकर देखा था शव

जानकारी के अनुसार, 4 जुलाई को मृतका की बेटी अपनी मां सरस्वती बरगाह से मिलने उसके घर पहुंची थी। घर के दरवाजे पर बाहर से सिकड़ी लगी हुई थी।

बेटी ने सिकड़ी खोलकर अंदर प्रवेश किया तो उसकी मां खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की।

जांच में लिव-इन पार्टनर पर गहराया शक

मामले की जांच के दौरान पुलिस का शक मृतका के परिचित रतन नगेशिया पर गया। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से रतन फरार था।

जांच टीम ने उसके संबंध में जानकारी जुटानी शुरू की और मुखबिरों को भी सक्रिय किया। करीब 40 दिन बाद पुलिस को आरोपी के संबंध में अहम सूचना मिली।

13 अगस्त को पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 13 अगस्त को घेराबंदी कर रतन नगेशिया को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान पुलिस ने उससे घटना को लेकर जानकारी जुटाई।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने घटना से जुड़े अहम तथ्य बताए। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

करीब 40 दिन बाद सुलझा ब्लाइंड मर्डर

कुसमी की सिंचाई कॉलोनी में हुई इस हत्या के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। लगातार जांच और संदिग्धों से पूछताछ के बाद पुलिस मृतका के लिव-इन पार्टनर तक पहुंची।

पुलिस अब मामले में आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

जरुर पढ़ें

InkLink News Agency is a fast-growing digital news agency and aggregator delivering accurate, timely, and reliable updates across India. We provide dedicated coverage for India, Chhattisgarh, and Madhya Pradesh, along with in-depth reporting across key categories including Business, Technology, Politics, Crime, Literature, and more.

Stay informed. Stay connected. Stay ahead with InkLink News Agency.