वाशिंगटन के हिल्टन होटल में आयोजित वार्षिक व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में जब मेहमान ‘स्प्रिंग पी और बुराटा सलाद’ का आनंद ले रहे थे, तभी अचानक सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने हॉल में प्रवेश किया और चिल्लाकर सभी को नीचे झुकने को कहा। चश्मदीदों के मुताबिक, वहां 5 से 8 गोलियों की आवाज सुनी गई, जिसके बाद सैकड़ों पत्रकार, मशहूर हस्तियां और नेता अपनी जान बचाने के लिए मेजों के नीचे छिप गए।
सुरक्षा घेरे में दिग्गज नेता
घटना के समय मंच पर राष्ट्रपति Donald Trump, मेलानी ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस मौजूद थे। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत “रास्ते से हटिए, सर!” (Out of the way, sir!) चिल्लाते हुए ट्रंप और अन्य शीर्ष नेताओं को सुरक्षित बाहर निकाला। होटल के भीतर नेशनल गार्ड के जवानों को तैनात कर दिया गया और किसी को भी दोबारा प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी गई।

ट्रंप का बयान: “शो जारी रहना चाहिए”
इस डरावनी घटना के कुछ समय बाद Donald Trump ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट कर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने लिखा:
“डीसी में काफी हलचल भरी शाम रही। सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने शानदार काम किया। उन्होंने बहादुरी और फुर्ती से कार्रवाई की। शूटर को पकड़ लिया गया है। मैंने सिफारिश की है कि ‘शो जारी रहना चाहिए’ (LET THE SHOW GO ON), लेकिन हम पूरी तरह से सुरक्षा एजेंसियों के फैसले का पालन करेंगे।”
ट्रंप ने संदिग्ध हमलावर की तस्वीरें भी साझा कीं, जिसमें वह बिना शर्ट के जमीन पर चित पड़ा हुआ था और उसके हाथ पीछे बंधे हुए थे।
अतीत की यादें हुई ताजा
इस घटना ने जुलाई 2024 में पेंसिल्वेनिया के बटलर में हुई उस रैली की यादें ताजा कर दीं, जब ट्रंप पर जानलेवा हमला हुआ था। उस समय एक स्नाइपर की गोली Donald Trump के कान को छूकर निकली थी। हालांकि, शनिवार की इस घटना में ट्रंप पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है।