ग्वालियर: Jagdish Kumar Malviya arrested मध्यप्रदेश में सबसे बड़े साइबर ठगी का मामला सामने आया है। यहां राज्य साइबर सेल ने भाजपा नेता को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि ग्वालियर के एक चार्टर्ड अकाउंटेंट से क्रिप्टोकरेंसी में निवेश का झांसा देकर 21 करोड़ 5 लाख 92 हजार रुपये की ठगी करने वाले नेटवर्क से जुड़े शाजापुर जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार मालवीय को गिरफ्तार (Jagdish Kumar Malviya arrested) किया गया है। आरोपी भाजपा नेता के खाते में ठगी का 50 लाख रुपये आया था।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी जगदीश मालवीय हाल ही में बैंकॉक और थाईलैंड की यात्रा कर भारत लौटा था। इसके बाद जांच एजेंसियों ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और फिर गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी जगदीश मालवीय रिटार्यड होने के बाद राजनीति में आया था। वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कर्नाटक के एक युवक समेत तीन लोगों के नाम भी बताए हैं। अब पुलिस इन लोगों की तलाश कर रही है और मामले की सभी कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है।
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले ग्वालियर निवासी 70 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट अशोक विजयवर्गीय को एक महिला ने खुद को ‘दिव्या सिंह’ बताकर फोन किया। दोस्ती के बाद महिला ने उन्हें क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। इसके झांसे में आकर उन्होंने अलग-अलग बैंक खातों में 21.05 करोड़ रुपये जमा कर दिए। इस मामले ने प्रदेशभर में सनसनी फैला दी थी। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से 50 लाख रुपये जगदीश कुमार मालवीय के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। इसी आधार पर साइबर सेल ने उन्हें गिरफ्तार किया।