पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से पुलिस की गंभीर लापरवाही का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां चाबी लगी शासकीय कार छोड़ना पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। एक नशेड़ी युवक मौका देख पुलिस की गाड़ी लेकर फरार हो गया। इतना ही नहीं भरे बाजार में तेज रफ्तार गाड़ी दौड़ाते हुए जमकर तांडव मचाया।
इस दौरान कई राहगीरों को रौंदा और एक बाइक को लगभग 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह पूरा मामला रैपुरा थाना क्षेत्र का है। थाने पहुंचे एक अत्यधिक शराबी युवक सुखेंद्र बुंदेला निवासी इमलिया ने मौका देखते ही पुलिस की गाड़ी स्टार्ट की और उसे लेकर फरार हो गया। इसके बाद आरोपी ने बुधवार को लगे साप्ताहिक हाट बाजार में तेज रफ्तार गाड़ी दौड़ाते हुए जमकर तांडव मचाया।
बेकाबू रफ्तार में कार चला रहे शराबी ने कई राहगीरों और वाहनों को रौंद दिया। कटनी तिराहे पर एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर आरोपी उसे करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।
इस दर्दनाक हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने थाने में घुसकर भारी हंगामा किया और आरोपी को पीटने की कोशिश की, जिन्हें पुलिस ने किसी तरह शांत कराया।
सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक को लेकर स्थानीय लोगों में पुलिस-प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।