रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे अभनपुर थाना पुलिस को बाइक चोरी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का खुलासा करते हुए एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई पांच दुपहिया वाहन बरामद की गई हैं। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाते थे और खासतौर पर साप्ताहिक बाजारों में खड़ी बाइकों की चोरी करते थे।
अभनपुर थाना पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। गिरोह के सदस्य पहले ऐसे स्थानों की पहचान करते थे, जहां बड़ी संख्या में लोग अपने वाहन खड़े करते हैं। इसके बाद मौका देखकर बाइक चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपियों ने अभनपुर क्षेत्र के साप्ताहिक शनिवार बाजार को खासतौर पर निशाना बनाया था।
बरामद की गई पांच चोरी की बाइकों में से चार वाहन अभनपुर के साप्ताहिक शनिवार बाजार से चोरी किए गए थे, जबकि एक बाइक राखी थाना क्षेत्र के ग्राम तर्रा से चोरी की गई थी। पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों आकाश और संदीप से पूछताछ के दौरान चोरी की इन वारदातों का खुलासा हुआ। उनकी निशानदेही पर पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने रायपुर जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।
मामले का खुलासा नवा रायपुर सीएसपी तुलसी राम लेकाम ने किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। साथ ही चोरी किए गए अन्य वाहनों और संभावित वारदातों की जांच भी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे और भी खुलासे हो सकते हैं।