नई दिल्ली: संसद परिसर के पास केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस भड़क गई है। कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने स्टूडेंट्स पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों पर अपना गुस्सा निकाला है। उन्होंने पुलिसवालों को कायर तक बता डाला और सरकार को भी जमकर कोसा।यह वीडियो सोशल मीडिया एक्स पर वायरल हो गया है। स्टूडेंट्स की मांग को लेकर चल रहे इस आंदोलन की गूंज संसद से सड़क तक सुनाई दे रही है।
Renuka Chowdhury: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के खिलाफ पुलिस कार्रवाई पर कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने जमकर गुस्सा निकाला है। उनके पास ही खड़े धर्मेद्र प्रधान ने इस दौरान चुप्पी साध ली।
रेणुका का लाठीचार्ज पर तंज-क्या ताकतवर सरकार है
सोशल मीडिया एक्स पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि संसद परिसर में कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने जंतर-मंतर पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागने पर जमकर गुस्सा निकाला। उस वक्त उनके साथ इमरान प्रतापगढ़ी भी थे। रेणुका चौधरी ने कहा-किसानों पर वॉटर कैनन और स्टूडेंट्स पर टीयर गैस चलाते हैं। वाह रे वाह…क्या ताकतवर सरकार है?
रेणुका बोलीं-ये सब कायर हैं, राक्षस कहीं के
सो्शल मीडिया एक्स पर एक यूजर ने लिखा-जब संसद परिसर के बाहर चल रहे थे आंसू गैस के गोले…तो इस पर रेणुका चौधरी ने कहा-ये सब कायर हैं जो बच्चों पर आंसू गैस के गोले दाग रहे हैं। राक्षस कहीं के…।’ जब रेणुका चौधरी ने ऐसा बोला तो उस वक्त कई और सांसद भी सीढ़ियों से उतर रहे थे।
ये सब कायर हैं जो बच्चों पर आंसू गैस के गोले दाग रहे हैं। राक्षस कहीं के…।
रेणुका चौधरी, कांग्रेस सांसद
जब रेणुका चौधरी ने पूछा-ये किसकी आवाज है
- दरअसल, जब संसद के मानसून सत्र के पहले दिन राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित हुई तो संसद के शार्दुल गेट के पास कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी आईं। तभी जबरदस्त आवाज आई, उन्होंने पूछा ये किसकी आवाज है? सिक्योरिटी ने बताया कि आंसू गैस के गोले दागने की। जिसके बाद रेणुका चौधरी भड़कती हुई बोली कि ये सब कायर हैं जो बच्चों पर आंसू गैस के गोले दाग रहे हैं।
- तभी कांग्रेस और विपक्ष के कुछ और सांसद भी वहां गेट पर पहुंचें। रेणुका चौधरी गुस्से में बोलती रहीं कि किसानों पर वॉटर कैनन और बच्चों पर टियर गैस, वाह क्या ताकतवर सरकार है। इमरान प्रतापगढ़ी भी उनके साथ ही थे और बोले कि बच्चों पर लाठीचार्ज करने वाली सरकार डरकोप होती है बहादुर नहीं। रेणुका चौधरी ने कहा कि ये मैं बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करुंगी, मैं जा रही हूं बाहर।
जंतर-मंतर पर लगातार हो रहा है प्रदर्शन
- जंतर-मंतर पर बीते कई दिनों से नीट पेपर लीक-2026 के मामले में प्रदर्शन चल रहा है। यह प्रदर्शन कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दिपके ने बुलाया था।
- इसमें सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक भी शामिल हो गए थे। उनके भूख हड़ताल से प्रदर्शन बेहद गंभीर हो गया था। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, लाठीचार्ज की घटना के बाद अब वह कह रहे हैं कि भूख हड़ताल जारी रखूंगा।
- इसके बाद से जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ जमा होने लगी थी। इससे सोमवार को बवाल और बढ़ गया तो दिल्ली पुलिस को आंसू गैस और पानी की बौछारों का इस्तेमाल करना पड़ा था। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर ये प्रदर्शन हो रहे हैं।