बेटी से बात करने से टोकना पड़ा महंगा: युवक ने दोस्तों संग मिलकर पिता को पीटा, इलाज के दौरान मौत, 6 अरेस्ट

Spread the love

 बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के सम्बलपुर (नाहन्दा) गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता को अपनी नाबालिग बेटी से बात करने से युवक को मना करना उस वक्त महंगा पड़ गया, जब उसने अपने पांच दोस्तों के साथ मिलकर उसकी लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। इस हमले में घायल पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह पूरा मामला देवरी थाना क्षेत्र का है।

देर रात किया हमला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सम्बलपुर निवासी गौकरण साहू अपने घर में सो रहे थे। तभी देर रात 6 आरोपी उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने सोते हुए गौकरण साहू पर बांस के डंडे और लकड़ी के राफ्टर से पीठ, सिर और कमर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। पिता की चीख-पुकार सुनकर पास में सो रही उनकी 13 वर्षीय नाबालिग बेटी जाग गई। बेटी को उठता देख घर के अंदर हमला कर रहे 4 आरोपी और बाहर निगरानी रख रहे 2 युवक मौके से भाग निकले।

अस्पताल में तोड़ा दम

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल पिता को तुरंत देवरी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

पूछताछ में खुला मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए देवरी पुलिस ने बारीकी से जांच शुरू की। जब पुलिस ने मृतक की नाबालिग बेटी से पूछताछ की, तो पूरा मामला खुलकर सामने आ गया। नाबालिग ने बताया कि खपराभाटा निवासी भानुप्रताप जैन (18 वर्ष) से उसकी कुछ समय से बातचीत चल रही थी। उसके पिता इस बात का लगातार विरोध कर रहे थे। इसी बात से नाराज होकर भानुप्रताप ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

एडिशनल SP ने क्या कहा ?

मामले में एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि पीड़ित की मौत के बाद अब केस में हत्या की धारा जोड़ दी गई है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी समेत सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

गिरफ्तार हुए आरोपी

  1. भानुप्रताप जैन (18 वर्ष), निवासी- खपराभाटा (मुख्य आरोपी)
  2. नीरज रस्तोगी (18 वर्ष), निवासी- टंकी मडौदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग
  3. तुषार निर्मलकर (20 वर्ष), निवासी- टंकी मडौदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग
  4. दिनेश ढीमर (25 वर्ष), निवासी- टंकी मडौदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग
  5. कुंदन यादव (18 वर्ष), निवासी- टंकी मडौदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग
  6. दीपेश पटेल (18 वर्ष), निवासी- बहेराभाठा, थाना देवरी, जिला बालोद

जरुर पढ़ें

InkLink News Agency is a fast-growing digital news agency and aggregator delivering accurate, timely, and reliable updates across India. We provide dedicated coverage for India, Chhattisgarh, and Madhya Pradesh, along with in-depth reporting across key categories including Business, Technology, Politics, Crime, Literature, and more.

Stay informed. Stay connected. Stay ahead with InkLink News Agency.