बिलासपुर। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने लगातार दो बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 8 तस्करों को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग मामलों में 55 किलो 150 ग्राम गांजा और 3.264 किलोग्राम प्रतिबंधित डोडा-पोस्ता बरामद किया गया है।
पहली कार्रवाई में तोरवा थाना पुलिस ने महमंद बायपास रोड पर चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से छह पॉलिथीन पैकेटों में रखा 3.264 किलोग्राम डोडा-पोस्ता बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में दो पंजाब, एक बिलासपुर और एक मुंगेली का निवासी है। आरोपियों के पास मादक पदार्थ रखने या बेचने का कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। इस मामले में तोरवा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने दो महिलाओं सहित चार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 55 किलो 150 ग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 27.57 लाख रुपये है। आरोपी गांजा को 32 पैकेटों में छिपाकर ले जा रहे थे। सभी आरोपी ओडिशा और मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं।
जीआरपी ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर गांजा तस्करी के खिलाफ यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।