Bilaspur Badam Protest Video: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में एक युवक का अनोखा विरोध इन दिनों पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है। तिफरा हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में युवक ने जिस तरीके से अपनी नाराजगी जताई, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, विभागीय लापरवाही से परेशान युवक तरुण साहू ने उप संपदा अधिकारी के टेबल पर बादाम रखकर विरोध जताया। यह तरीका इतना अलग था कि देखते ही देखते मामला सुर्खियों में आ गया।
एक साल से गुम थी नामांतरण की फाइल
युवक का आरोप है कि उसने एक साल पहले फ्लैट खरीदा था और नामांतरण के लिए सभी जरूरी दस्तावेज जमा कर दिए थे। इसके बावजूद विभाग लगातार उसकी फाइल गुम होने की बात कहकर उसे चक्कर कटवाता रहा।
लंबे समय से परेशान होकर युवक ने यह अनोखा तरीका अपनाया और अधिकारी को बादाम देते हुए तंज कसा कि “शायद इससे याददाश्त तेज हो जाए और फाइल मिल जाए।”
Bilaspur Badam Protest Video: छुट्टी के दिन खुला ऑफिस, फाइल भी मिल गई
इस विरोध का असर तुरंत देखने को मिला। बताया जा रहा है कि छुट्टी के दिन भी कार्यालय खोला गया और पूरा स्टाफ फाइल खोजने में जुट गया।
कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार युवक की गुम फाइल मिल गई। हालात ऐसे बन गए कि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भी इस काम में लगना पड़ा।
महिला अधिकारी ने जताई आपत्ति
वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद संबंधित महिला अधिकारी ने युवक की इस हरकत पर आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे असंवैधानिक और गैर-जरूरी बताते हुए कहा कि वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालना उनकी निजता का उल्लंघन है।
इस मामले को लेकर उन्होंने पुलिस में शिकायत भी की है, जिस पर एसएसपी ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
Bilaspur Badam Protest Video: विरोध सही या गलत? छिड़ी बहस
इस पूरे घटनाक्रम के बाद एक नई बहस शुरू हो गई है। एक तरफ आम आदमी की परेशानी और सिस्टम की सुस्ती है, तो दूसरी ओर विरोध के तरीके और अधिकारियों की निजता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर यह वीडियो वायरल नहीं होता, तो क्या युवक की फाइल कभी मिल पाती?
फिलहाल, फाइल मिलने से युवक को राहत जरूर मिली है, लेकिन यह मामला अब सरकारी कामकाज और जवाबदेही पर बड़ा सवाल खड़ा कर गया है।