मुंबई मॉडल रिया अहीर ने FIR वापस लेने की मांग की, सोशल मीडिया धमकियों पर पुलिस से कार्रवाई की अपील

Spread the love

मुंबई में Gen Z प्रदर्शन के दौरान पुलिस वैन के सामने खड़े होकर चर्चा में आईं मॉडल रिया अहीर ने अब अपने खिलाफ दर्ज FIR वापस लेने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर कथित तौर पर धमकी और अभद्र टिप्पणियां करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है।

रिया अहीर के मामले को लेकर मुंबई यूथ कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुंबई पुलिस के जॉइंट कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) मनोज शर्मा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने रिया के खिलाफ दर्ज FIR और सोशल मीडिया पर उन्हें मिल रही कथित धमकियों का मुद्दा उठाया।

पुलिस ने FIR वापस लेने की प्रक्रिया शुरू करने का दिया भरोसा

यूथ कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, जॉइंट कमिश्नर मनोज शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिया कि FIR वापस लेने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया के जरिए धमकी भरे संदेश भेजने वालों की भी पुलिस जांच करेगी।

मुलाकात के बाद रिया अहीर ने कहा कि प्रदर्शन और उनका वीडियो वायरल होने के बाद से उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार अभद्र टिप्पणियों और धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि उन्होंने इस संबंध में पुलिस से शिकायत भी की थी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

यूथ कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उठाया मामला

रिया अहीर के साथ मुंबई पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव हरगुन सिंह और मुंबई यूथ कांग्रेस अध्यक्ष जीनत शबरीन शामिल थीं।

हरगुन सिंह ने FIR वापस लेने में हो रही देरी पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में शामिल छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की अधिसूचना पहले ही जारी की जा चुकी है, ऐसे में प्रक्रिया में देरी क्यों हो रही है, यह स्पष्ट होना चाहिए।

रिया ने दूसरी प्रदर्शनकारी युवती का भी किया जिक्र

रिया अहीर ने प्रदर्शन में शामिल 19 वर्षीय मुस्कान का भी जिक्र किया। उनका कहना था कि मुस्कान को भी सोशल मीडिया पर इसी तरह की अभद्र टिप्पणियों और कथित धमकियों का सामना करना पड़ रहा है।

मुंबई यूथ कांग्रेस अध्यक्ष जीनत शबरीन ने कहा कि युवा महिलाओं को अपनी बात रखने के कारण निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कथित तौर पर धमकी और उत्पीड़न करने वाले अकाउंट्स के खिलाफ तत्काल पुलिस कार्रवाई की मांग की।

पुलिस वैन रोकने की तस्वीर से मिली थी पहचान

रिया अहीर उस समय सुर्खियों में आई थीं, जब मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में हुए प्रदर्शन की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। बारिश के बीच प्रदर्शन के दौरान रिया पुलिस वैन के सामने खड़ी दिखाई दी थीं। उस वैन में हिरासत में लिए गए कुछ युवा प्रदर्शनकारी मौजूद थे।

ग्रे हुडी पहने पुलिस वैन के सामने खड़ी रिया की तस्वीर प्रदर्शन की चर्चित तस्वीरों में शामिल हो गई थी। इसके बाद वह सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में आईं।

जरुर पढ़ें

InkLink News Agency is a fast-growing digital news agency and aggregator delivering accurate, timely, and reliable updates across India. We provide dedicated coverage for India, Chhattisgarh, and Madhya Pradesh, along with in-depth reporting across key categories including Business, Technology, Politics, Crime, Literature, and more.

Stay informed. Stay connected. Stay ahead with InkLink News Agency.