रायपुर: छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य की बीजेपी सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में 18 लाख 45 हजार आवास स्वीकृत हुए थे। उन्होंने सरकार से अपने कार्यकाल में स्वीकृत आवासों की संख्या सार्वजनिक करने की मांग की और आंकड़ों के मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती भी दी।
सोमवार को दिल्ली रवाना होने से पहले रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि राज्य सरकार और लोकसभा में पेश किए गए आंकड़ों में अंतर दिखाई दे रहा है।
18.5 लाख और 9.81 लाख के आंकड़ों पर उठाया सवाल
भूपेश बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से 18.5 लाख घर मंजूर होने की बात कही जा रही है, जबकि लोकसभा में इससे अलग 9.81 लाख का आंकड़ा सामने आया है।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सही आंकड़ा कौन सा है। बघेल के मुताबिक, उनके कार्यकाल में कुल 18.45 लाख आवासों को स्वीकृति दी गई थी। उन्होंने बीजेपी सरकार से पूछा कि उसके कार्यकाल में कितने नए आवास स्वीकृत हुए और उनमें से कितने बनकर तैयार हो चुके हैं।
भूपेश बघेल ने दी बहस की चुनौती
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इस मुद्दे पर सार्वजनिक बहस के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सरकार समय और स्थान तय करे और दोनों पक्ष अपने-अपने आंकड़े सामने रखें।
बघेल ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अलग-अलग मंचों पर अलग-अलग आंकड़े पेश कर रही है। उनके अनुसार, लोकसभा में दिए गए आंकड़े और राज्य स्तर पर किए जा रहे दावों में अंतर को लेकर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
11 लाख बने आवासों को लेकर भी उठाए सवाल
भूपेश बघेल ने राज्य सरकार के उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें बीजेपी सरकार बनने के बाद 11 लाख पीएम आवासों का निर्माण पूरा होने की बात कही गई है।
उन्होंने कहा कि इन आवासों में पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान स्वीकृत और शुरू किए गए मकान भी शामिल हो सकते हैं। बघेल के अनुसार, बिलासपुर में करीब 7 लाख आवास उनकी सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत किए गए थे और उनके लिए पहली किस्त भी जारी की गई थी।
उन्होंने यह भी कहा कि करीब 45 हजार मकान मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत किए गए थे। इन्हीं आंकड़ों को जोड़ते हुए उन्होंने अपने कार्यकाल में 18 लाख 45 हजार आवास स्वीकृत होने का दावा दोहराया।
दिल्ली दौरे पर राहुल गांधी से करेंगे मुलाकात
भूपेश बघेल ने अपने दिल्ली दौरे की जानकारी देते हुए कहा कि इस दौरान उनकी मुलाकात कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत पार्टी के अन्य नेताओं से होनी है।
गौरतलब है कि भूपेश बघेल कांग्रेस संगठन में पंजाब के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
विजय शर्मा ने क्या किया था दावा?
इससे पहले छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने ग्रामीण और पंचायत विकास से जुड़े एक प्रेजेंटेशन में दावा किया था कि राज्य में बीजेपी सरकार बनने के बाद 11 लाख पीएम आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है।
उन्होंने यह भी कहा था कि करीब 4 लाख मकान निर्माणाधीन हैं और पिछले वित्तीय वर्ष में स्वीकृत कई आवासों का निर्माण भी मौजूदा सरकार के कार्यकाल में पूरा हुआ है।
अब पीएम आवास योजना के स्वीकृत और निर्मित मकानों के आंकड़ों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और बीजेपी सरकार के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।