MP News : शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीणों को BJP विधायक ने गेट से लौटाया, भड़के गांव वाले

Spread the love

शिवपुरी: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से सत्ता पक्ष के एक विधायक के बर्ताव को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। करैरा विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक रमेश खटीक द्वारा नरवर तहसील में आयोजित की गई एक जनचौपाल में उस समय भारी हंगामा हो गया, जब उन्होंने पड़ोसी विधानसभा क्षेत्र से आए ग्रामीणों की समस्या सुनने से साफ इनकार कर दिया। विधायक के इस रुख से नाराज एक ग्रामीण ने विरोध जताने के लिए अपने 3-4 साल के मासूम बच्चे को विधायक की खड़ी कार के गर्म बोनट पर लिटा दिया।

यह पूरी घटना नरवर के डॉ. भीमराव आंबेडकर भवन में चल रही जनचौपाल के दौरान हुई, जहां विधायक करैरा विधानसभा के लोगों की शिकायतें सुन रहे थे। करैरा से बीजेपी विधायक रमेश खटीक की जनचौपाल में भारी हंगामा हो गया। विधायक ने पड़ोसी विधानसभा पोहरी से आए ग्रामीणों की समस्या सुनने से यह कहकर मना कर दिया कि तुम मेरे वोटर नहीं हो।

‘तुम मेरे विधानसभा के मतदाता नहीं हो’

चौपाल के दौरान पड़ोसी पोहरी विधानसभा क्षेत्र के नानकपुर और बरखाड़ी गांव से आए ग्रामीण पेयजल और बिजली की भीषण समस्या को लेकर आवेदन देने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीजेपी विधायक रमेश खटीक ने जैसे ही ग्रामीणों का आवेदन देखा, उन्होंने तुरंत कहा, ‘आप पोहरी के हो, मेरे विधानसभा के मतदाता नहीं हो, मैं आपकी सुनवाई नहीं कर सकता, पोहरी विधायक के पास जाओ।’ बता दें कि पोहरी विधानसभा से वर्तमान में कांग्रेस के कैलाश कुशवाह विधायक हैं।

सरकार के भरोसे आए थे ग्रामीण

विधायक का यह दोटूक जवाब सुनते ही ग्रामीण बुरी तरह आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों का तर्क था, ‘विधायक जी, हम भले ही आपके मतदाता नहीं हैं, लेकिन हम मध्य प्रदेश सरकार के पास अपनी फरियाद लेकर आए हैं और आप सत्ता पक्ष के विधायक हैं।’ इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक तीखी नोंक-झोंक और बहस होती रही।

जब सुनवाई की कोई उम्मीद नहीं बची, तो हताश होकर लौट रहे एक ग्रामीण ने गुस्से में आकर अपने मासूम बच्चे को विधायक की गाड़ी के बोनट पर रख दिया और चिल्लाकर बोला कि जब सुनना ही नहीं है तो हमारे बच्चों को ही ले जाओ।

विवाद की वजह: पड़ोसी पोहरी विधानसभा के ग्रामीणों को ‘वोटर नहीं होने’ का हवाला देकर सुनने से मना किया।
ग्रामीणों की मांग: नानकपुर और बरखाड़ी गांव में लंबे समय से जारी बिजली और पानी के संकट का समाधान।

जरुर पढ़ें

InkLink News Agency is a fast-growing digital news agency and aggregator delivering accurate, timely, and reliable updates across India. We provide dedicated coverage for India, Chhattisgarh, and Madhya Pradesh, along with in-depth reporting across key categories including Business, Technology, Politics, Crime, Literature, and more.

Stay informed. Stay connected. Stay ahead with InkLink News Agency.