Iran Israel War का दायरा अब और बढ़ता नजर आ रहा है। Iran और Israel के बीच चल रहे संघर्ष के दौरान ईरान की ओर से Turkey की दिशा में बैलिस्टिक मिसाइल दागे जाने का दावा किया गया है। हालांकि तुर्की ने कहा है कि मिसाइल को उसके हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने से पहले ही निष्क्रिय कर दिया गया।
इराक और सीरिया पार कर बढ़ रही थी मिसाइल
तुर्की के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ईरान से दागी गई बैलिस्टिक मिसाइल इराक और सीरिया के हवाई क्षेत्र को पार करते हुए तुर्की की ओर बढ़ रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी भूमध्य सागर में तैनात NATO के वायु एवं मिसाइल रक्षा तंत्र को सक्रिय किया गया। रक्षा बलों ने समय रहते मिसाइल को हवा में ही नष्ट कर दिया।
मंत्रालय ने बताया कि हाटे प्रांत के डोर्त्योल जिले में जो गोला-बारूद गिरा, वह वायु रक्षा प्रणाली का हिस्सा था, जिसने खतरे को बीच में ही रोक दिया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
तुर्की का सख्त संदेश
तुर्की सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश और उसके नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बयान में कहा गया कि अपने क्षेत्र और हवाई क्षेत्र की रक्षा के लिए सभी जरूरी कदम बिना किसी हिचकिचाहट के उठाए जाएंगे।
तुर्की ने यह भी कहा कि वह किसी भी शत्रुतापूर्ण कार्रवाई का जवाब देने का अधिकार सुरक्षित रखता है। साथ ही सभी पक्षों से अपील की गई है कि वे ऐसे कदमों से बचें, जिससे क्षेत्र में तनाव और न बढ़े।
तुर्की ने यह भी बताया कि वह इस मुद्दे पर NATO और अन्य सहयोगी देशों के साथ लगातार परामर्श कर रहा है।
क्षेत्रीय स्थिरता पर असर
विश्लेषकों का मानना है कि अगर यह घटनाक्रम और आगे बढ़ता है तो इसका असर पूरे पश्चिम एशिया की सुरक्षा और कूटनीतिक समीकरणों पर पड़ सकता है। फिलहाल हालात पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।