देहरादून। Char Dham Yatra Suspended Today: चारधाम यात्रा को लेकर बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है, उत्तराखंड में भारी बारिश और यात्रा मार्गों पर कई जगह भूस्खलन होने के कारण मंगलवार को चारधाम यात्रा को दो दिन के लिए स्थगित कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि चारधाम यात्रा मार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन से अवरूद्ध होने तथा भारी वर्षा के अलर्ट के कारण यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत आज और कल के लिए चारधाम यात्रा स्थगित की गई है। उन्होंने कहा कि मौसम अनुकूल होने पर यात्रा पुनः प्रारंभ की जाएगी।
कहां से शुरू होती है चार धाम यात्रा?
चारधाम यात्रा (Char Dham Yatra Suspended Today) हरिद्वार या ऋषिकेश से शुरू होती है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ जाते हैं और दर्शन करते हैं। यात्रा मुख्य रूप से मई-जून से नवंबर तक खुली रहती है और सर्दियों में बंद हो जाती है।
भारी बारिश और आंधी-तूफान का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के कारण उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जिलों में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ जाने वाले प्रमुख मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं।