Raipur Urla Factory Fire News: छत्तीसगढ़ की राजधानी Raipur के Urla Industrial Area में देर रात एक टिंबर और सरिया से संबंधित फैक्ट्री में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में फैक्ट्री में रखा लकड़ी का सामान, सरिया और अन्य सामग्री जलने लगी।
आग की सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल टीम और निजी फायर ब्रिगेड के वाहन मौके पर पहुंचे। करीब छह से अधिक दमकल गाड़ियों ने घंटों तक आग बुझाने का प्रयास किया। लगातार पानी की बौछार करने के बाद करीब तीन घंटे में आग पर काबू पाया जा सका।
घटना के समय फैक्ट्री के अंदर दो कर्मचारी मौजूद थे, जिन्हें दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि आग की चपेट में आने से फैक्ट्री के अंदर मौजूद एक ट्रैक्टर और कई मशीनें जलकर नष्ट हो गईं।
जांच में जुटा प्रशासन
आग लगने से फैक्ट्री परिसर को भारी नुकसान हुआ है और काफी सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन के मुताबिक इस हादसे में किसी के घायल होने या जानमाल की हानि की सूचना नहीं है।