Khairagarh News: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के छुईखदान थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। उदयपुर स्थित पूर्व विधायक और पूर्व सांसद देवव्रत सिंह के बंगले में तैनात एक CAF जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को जवान का शव पैलेस परिसर में मिला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया है, ताकि घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए जा सकें।
बताया जा रहा है कि पूर्व सांसद देवव्रत सिंह के निधन के बाद उनके परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इसी कारण प्रशासन ने उदयपुर स्थित उनके निवास को सील कर दिया था और वहां सुरक्षा के लिए CAF के जवानों को तैनात किया गया था।
मृतक जवान भी इसी सुरक्षा ड्यूटी में तैनात था। जानकारी के मुताबिक वह छुट्टी से लौटने के एक दिन बाद ही मृत अवस्था में मिला, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।