1
1
1
2
3
Illegal Afeem Kheti: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध अफीम की खेती का एक बड़ा मामला सामने आया है। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पता चला कि जिले के जेवरा सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम समोदा में लगभग 7 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी। यह खेती शिवनाथ नदी के किनारे स्थित खेतों में मक्का की फसल के बीच छिपाकर की गई थी।
मामले में भाजपा से जुड़े दो नेताओं विनायक ताम्रकार और बृजेश ताम्रकार को हिरासत में लिया गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की जांच शुरू कर दी। दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे और अफीम के पौधों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। खेत में लगे अफीम के पौधों की गिनती की जा रही है और राजस्व विभाग द्वारा जमीन का माप किया जा रहा है। इसके अलावा ड्रोन की मदद से आसपास के इलाकों में भी सर्वे किया जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं और भी अवैध खेती तो नहीं हो रही।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की दो सदस्यीय टीम भी मौके पर पहुंची है। टीम ने खेती से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है और अफीम के पौधों के नमूने भी लिए गए हैं।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस जमीन पर काफी समय से अवैध अफीम की खेती की जा रही थी। प्रशासन अब पूरे मामले का रिकॉर्ड तैयार कर रहा है ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई में कोई कमी न रहे।
पुलिस का कहना है कि इस अवैध खेती में और लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि अफीम की अवैध खेती में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।