Congress Opposes Constitution Amendment And Delimitation Bill: संसद के मानसून सत्र (Parliament Monsoon Session) में संविधान संशोधन और परिसीमन बिल का कांग्रेस विरोध करेगी। कांग्रेस पार्लियामेंट्री स्ट्रेटजी कमेटी की बैठक में (Congress Meeting) बिल के विरोध करने का फैसला लिया गया। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश (Jairam Ramesh) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी।

16 जुलाई को संसद के मानसून सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस पार्लियामेंट्री स्ट्रेटजी कमेटी की बैठक हुई। डेढ़ घंटे चली बैठक में कई संभावित विधेयकों को लेकर रणनीति बनाई गई। साथ ही संविधान संशोधन और परिसीमन बिल का विरोध करने का फैसला हुआ।
बैठक की जानकारी देते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि भाजपा गलत तरीके से दो तिहाई बहुमत जुटा रही है। इंडिया ब्लॉक मिलकर इसका विरोध करेगा। हम सभी विपक्षी पार्टियों के संपर्क में हैं। बीजेपी चालाकी से दो तिहाई बहुमत पाने में लगी है। मगर उसे लोकसभा में दो तिहाई बहुमत नहीं मिल सकता। बीजेपी का दो तिहाई बहुमत कलंकित बहुमत होगा। लोकसभा में इतनी तोड़फोड़ के बाद भी इनके पास दो तिहाई बहुमत नहीं है। चंदा चोरी, पेपर लीक, E20 एथेनॉल घोटाले में बीजेपी के वरिष्ठ नेता और उनके बेटे का मामला, अमेरिका के साथ डील, विदेश नीति जैसे अहम मुद्दे हम इंडिया ब्लॉक के साथ मिलकर उठाएंगे। उन्होंने कहा कि सुप्रिया सुले ने कल शाम खबरों का खंडन कर दिया है। सुप्रिया ने कल यानी बुधवार को कहा था कि अगर 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने की शर्त लागू की जाती हैं, तो ही उनकी पार्टी इसका समर्थन करने पर विचार करेगी।
जयराम रमेश और सांसद नासिर हुसैन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि सरकार जिन प्रमुख विधेयकों को लाने की तैयारी में है, कांग्रेस उनका विरोध करेगी। पार्टी ने परिसीमन, संविधान संशोधन, ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’, एफसीआरए संशोधन और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम में प्रस्तावित बदलावों का विरोध करने का ऐलान किया।